Headlines

यूपी में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द, CM योगी का बड़ा फैसला


उत्तर प्रदेश में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली के मद्देनजर शासन से लेकर थानों तक के अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियों को रद्द करने का फैसला लिया. इसके साथ ही उन्होंने अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

सीएम योगी ने कहा, ”उल्लास-उमंग के पर्वों में कोई अप्रिय घटना न हो. सौहार्द और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश कतई बर्दाश्त नहीं होगी. अराजक तत्वों पर जीरो टॉलरेंस की नीति से कार्रवाई की जाएगी.” इसके साथ ही बाजारों में 24×7 पुलिस निगरानी, खुले स्थानों पर पटाखा बिक्री और प्रदेश भर में निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं.

सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखते हुए अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने अथवा शरारतपूर्ण बयानबाजी से माहौल बिगाड़ने वालों पर त्वरित और प्रभावी विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. श्री अयोध्या धाम में आगामी 07 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है.

संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती हो- CM

इसके साथ ही सीएम योगी ने स्थानीय स्तर पर सुगम यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने और रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर जनसामान्य के बीच व्यापक रूप से प्रसारित करने के निर्देश जारी किए हैं. प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर चौबीसों घंटे पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने के लिए कहा गया है.

धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

उन्होंने धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर मुख्य बाजारों और कमर्शियल प्रतिष्ठानों के आसपास 24×7 पुलिस निगरानी, सघन पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने सीनियर अधिकारियों से खुद फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कहा है. साथ ही ये सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि पीआरवी-112 लगातार सक्रिय रहे.

पटाखों की बिक्री और आग को लेकर सावधानी बरतें- CM

मुख्यमंत्री योगी ने पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले व सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित किए जाएं. अग्निशमन विभाग पर्याप्त फायर टेंडरों और जरूरी जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रहे.

पर्वों के दौरान पावर सप्लाई और पेयजल सुनिश्चित हो- CM

उन्होंने कहा है कि पर्वों के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोस्टरमुक्त निर्बाध पावर सप्लाई और शुद्ध पेयजल की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. आउटसोर्स कार्मिकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय त्योहार से पहले अनिवार्य रूप से उनके खातों में ट्रांसफर करने के लिए कहा है.

यूरिया और डीएपी खाद की जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

किसानों के हितों की रक्षा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए.

इसके अलावा सीएम ने निर्देश दिए कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी उपज की तौल पूरी पारदर्शिता व संवेदनशीलता के साथ की जाए. यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना केंद्र से निराश होकर न लौटे.

‘UP में अब न फायरिंग, न दंगे और न कर्फ्यू… यही राम राज्य’, पीलीभीत में बोले CM योगी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *