हॉलीवुड का मशहूर मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) कई बेहतरीन फिल्में लाने वाला है. मार्वल के अपकमिंग चर्चित प्रोजेक्ट में ‘एक्स-मेन’ (X-Men) प्रमुख रूप से शामिल है. मार्वल ने पहले ही ‘X-Men रीबूट’ नाम की फिल्म का ऐलान किया था. अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी और चीनी एक्टर बेन वांग इस एमसीयू प्रोजेक्ट का हिस्सा हो सकते हैं.
‘X-Men रीबूट’ में बेन वांग की एंट्री?
बेन वांग जल्द ही ‘द हंगर गेम्स: सनराइज ऑन द रीपिंग’ नाम की फिल्म में नजर आने वाले हैं. इसकी रिलीज से ठीक पहले उनके मार्वल की अपकमिंग फिल्म के साथ जुड़ने की चर्चा है. ‘डेडलाइन’ ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि प्रोडक्शन टीम अपनी फिल्म के लिए जिन कलाकारों के बारे में विचार-विमर्श कर रही है उनमें बेन वांग का नाम भी शामिल है.
निभा सकते हैं ये किरदार
ये जानकारी भी सामने आ चुकी है कि आखिर बेन वांग को मेकर्स किस किरदार के लिए लेना चाहते हैं. चर्चा है कि अभिनेता बेन एक्स-मेन रीबूट में ‘आइसमैन’ (Iceman) का किरदार निभा सकते हैं. हालांकि उनके अलावा इस रोल के लिए तीन और भी नाम चर्चा में है. जैक्सन केलीम, रेंजी फेलिज और गैब्रिएल लाबेले जैसे एक्टर्स तो इस किरदार के लिए ऑडिशन तक दे चुके हैं. हालांकि बेन वांग से जुड़ी इन खबरों को लेकर फिलहाल आधिकारिक अपडेट आना बाकी है.
गैब्रिएल लाबेले ‘स्नैक शैक’, ‘अमेरिकन जिगोलो’ और ‘द फेबलमैन्स’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं. वहीं ‘द बॉडी’ और ‘द पिट’ में जैक्सन केलीम ने काम किया है. जबकि ‘द पेंगुइन’, ‘द रनअवेज’ और ‘एनकैंटो’ में रेंजी फेलिज काम कर चुके हैं.
कौन हैं बेन वांग?
29 वर्षीय बेन वांग की पहचान एक चीनी और अमेरिकी एक्टर के रूप में हैं. उनका जन्म चीन के बीजिंग में 21 सितंबर 1997 को हुआ था. हालांकि कम उम्र में ही वो अमेरिका आ गए थे. NYU से म्यूजिकल थिएटर की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने TV सीरीज ‘मैकगाइवर’ से एक्टिंग डेब्यू किया. उन्हें पहचान ‘कराटे किड: लेजेंड्स’ (2025) से मिली. अब वो ‘द हंगर गेम्स: सनराइज ऑन द रीपिंग’ में नजर आएंगे. ये मूवी 20 नवंबर 2026 को रिलीज होगी. इसमें वो ‘व्याट कैलो’ का किरदार निभा रहे हैं.
