Headlines

पोलैंड में अंधाधुंध फायरिंग में 6 लोगों की मौत, 11 नवंबर तक शोक, जानें पूरा मामला


पोलैंड के दूसरे सबसे बड़े शहर क्राको के ‘मेन मार्केट स्क्वायर’ में शनिवार (7 नवंबर) दोपहर को एक गनमैन ने अंधाधुंध फायरिंग कर 6 लोगों की जान ले ली. पुलिस ने बताया कि हमलावर ने भीड़ में अपनी गाड़ी घुसा दी, इस कारण एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. इस घटना में 4 महिलाओं और 2 पुरुषों की मौत हो गई है. मृतकों में 3 पोलिश नागरिक थे, एक ब्रिटिश नागरिक था, जबकि 2 लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.

घायलों में ऑस्ट्रिया, जर्मनी, पुर्तगाल, रूस और ब्रिटेन के 5 विदेशी नागरिक शामिल हैं. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने बताया कि संदिग्ध के घर की तलाशी के दौरान जो घटनास्थल से लगभग 125 मील दूर है वहां से 3 और शव मिले हैं. शनिवार शाम को क्राको में भारी संख्या में हथियारों से लैस पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि राजधानी वारसॉ और अन्य जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. 

11 नवंबर तक शोक 
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, क्राको में 11 नवंबर तक शोक घोषित कर दिया गया है. घायलों में 2 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं, जिनमें से 1 की हालत गंभीर है. हथियारों से लैस संदिग्ध को एक मंत्री ने कट्टर राष्ट्रवादी बताया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. सर्जरी के बाद वह फिलहाल अस्पताल में है. टस्क ने कहा कि इस बात के मजबूत संकेत हैं कि संदिग्ध के घर में मृत पाई गईं दो महिलाएं और एक पुरुष उसके करीबी परिवार के सदस्य थे.

क्या बोले यूके के प्रधानमंत्री
उन्होंने कहा कि पोलैंड में अब तक आतंकवाद के इतने गंभीर मामले देखने को नहीं मिले थे. क्राको में लोगों की जान लेने वाले इस क्रूर हमले को हमें यही नाम देना होगा. यूके के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने कहा कि आज क्राको में हुई भयानक गोलीबारी से मैं स्तब्ध और दुखी हूं. उन्होंने आगे कहा, “मेरी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, साथ ही उन सभी लोगों के साथ हैं जो घायल हुए हैं या इस बेमतलब की हिंसा से प्रभावित हुए हैं. यूनाइटेड किंगडम, पोलैंड के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है.” 

ये घटना स्थानीय समयानुसार 15:00 बजे से कुछ समय पहले क्राको के ऐतिहासिक केंद्र में शुरू हुई. यह एक बेहद खूबसूरत चौक है, जो लंबे समय से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है. फुटेज में हमलावर की गाड़ी को शहर के बीच से तेज रफ्तार में गुजरते हुए देखा जा सकता है और गोलियों की आवाज सुनकर लोग वहां से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं.

ये भी पढ़ें

‘ट्रंप न होते तो अमेरिका न होता’, हार के बाद भी किसने कर दी US राष्ट्रपति की तारीफ?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *