Diwali Firecrackers Safety Tips: दीपावली पर पटाखे जलाते समय अक्सर हाथ जलने की घटनाएं सामने आती हैं. कई बार जलन कम करने के लिए लोग तुरंत बर्फ, टूथपेस्ट या घी जैसी चीजें लगा लेते हैं, लेकिन ये तरीके सही नहीं हैं. जलने पर सबसे जरूरी है कि प्रभावित हिस्से को सही तरीके से ठंडा किया जाए और उसे संक्रमण से बचाया जाए. आइए जानते हैं कि हाथ जलने पर किन गलतियों से बचना चाहिए.
बर्फ या बहुत ठंडा पानी न लगाएं
अगर पटाखे से हाथ जल जाए तो प्रभावित जगह पर सीधे बर्फ न लगाएं. बहुत ठंडा पानी भी इस्तेमाल न करें. इससे त्वचा को और नुकसान पहुंचता है. इसकी जगह जले हुए हिस्से को सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे कम से कम 20 मिनट तक रखें. इससे जलन और दर्द कम करने में मदद मिलती है. ध्यान रखें कि पानी का बहाव बहुत तेज न हो और शरीर के बाकी हिस्सों को गर्म रखें.
यह भी पढ़ें :Firecracker Smoke Effects: अस्थमा, आंखों और फेफड़ों को कैसे प्रभावित करता है पटाखों का धुआं, कैसे बचें?
टूथपेस्ट, घी या तेल लगाने से बचें
हाथ जलने पर कई लोग तुरंत टूथपेस्ट, घी, तेल, मक्खन या हल्दी लगा लेते हैं. ऐसा करने से बचना चाहिए. ये चीजें जलने की चोट का सही इलाज नहीं हैं और घाव को साफ करने या डॉक्टर के लिए उसकी जांच करने में परेशानी पैदा करती हैं. इसी तरह जले हुए हिस्से पर अल्कोहल, आयोडीन या हाइड्रोजन पेरोक्साइड भी सीधे न डालें. इससे त्वचा में जलन बढ़ती है. बिना डॉक्टर की सलाह के कोई क्रीम या घरेलू नुस्खा इस्तेमाल न करें.
छालों को न फोड़ें, चिपके कपड़े न खींचें
जलने के बाद अगर त्वचा पर फफोले या छाले पड़ जाएं तो उन्हें सुई या हाथ से न फोड़ें. ऐसा करने से संक्रमण का खतरा बढ़ता है. अगर कपड़ा जली हुई त्वचा से चिपक गया है तो उसे जबरन खींचकर अलग न करें. इससे त्वचा को और नुकसान होता है. अंगूठी, घड़ी या कंगन जैसी चीजें सूजन आने से पहले सावधानी से उतार दें, लेकिन जली हुई त्वचा से चिपकी कोई चीज न हटाएं.
हाथ जलने पर तुरंत क्या करें?
सबसे पहले जले हुए हिस्से को 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें. इसके बाद उसे साफ, सूखी और न चिपकने वाली पट्टी से हल्के हाथ से ढकें. पट्टी को कसकर न बांधें. अगर हाथ में छाले पड़ गए हैं, त्वचा सफेद या काली दिख रही है, दर्द बहुत ज्यादा है या उंगलियां हिलाने में परेशानी हो रही है तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं. पटाखे से हाथ में गहरी चोट या बड़ा घाव होने पर भी मेडिकल मदद लेने में देरी न करें. हाथों में जलने की चोट को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि इसका असर उंगलियों की मूवमेंट पर भी पड़ता है.
यह भी पढ़ें : Air Pollution Lung Care: प्रदूषण के बीच ऐसे रखें अपने फेफड़ों का ख्याल, लापरवाही पड़ सकती है भारी
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
