How To Restore Sun Faded Plastic Chairs Fast: प्लास्टिक की कुर्सियां कुछ समय बाद साफ करने के बावजूद पुरानी दिखने लगती हैं. खासकर उन पर सफेद निशान पड़ जाएं तो कुर्सी की पूरी चमक फीकी लगने लगती है. धूप, धूल और लंबे समय तक इस्तेमाल की वजह से प्लास्टिक की सतह पर ऐसी परत या दाग दिखाई दे सकते हैं. अगर आपकी कुर्सियां भी ऐसी ही हो गई हैं तो उन्हें तुरंत बदलने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से इनकी सफाई करके पुरानी चमक काफी हद तक वापस लाई जा सकती है.
पहले धूल और गंदगी करें साफ
कुर्सी पर सफेद निशान साफ करने से पहले उसकी पूरी सतह पर जमी धूल और गंदगी हटा लें. इसके लिए सूखे कपड़े से कुर्सी को अच्छी तरह पोंछें. इसके बाद पानी और साबुन से इसे साफ करें. जहां गंदगी ज्यादा जमी हो, वहां मुलायम ब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है. ब्रश को बहुत जोर से न रगड़ें, क्योंकि इससे प्लास्टिक की सतह पर खरोंच पड़ सकती है. सफाई के बाद कुर्सी को साफ पानी से धोकर कपड़े से सुखा लें या कुछ देर हवा में सूखने दें.
सफेद निशान पर लगाएं बेकिंग सोडा
अगर सफाई के बाद भी सफेद निशान दिखाई दे रहे हैं तो बेकिंग सोडा काम आ सकता है. इसके लिए थोड़े से बेकिंग सोडा में पानी मिलाकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को निशान वाली जगह पर लगाएं और मुलायम स्पंज या कपड़े से हल्के हाथ से साफ करें. कुर्सी की सतह को जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं है. सफाई के बाद पानी से अच्छी तरह धो लें और सूखे कपड़े से पोंछ दें. इससे सतह पर जमा गंदगी और दाग हटाने में मदद मिल सकती है.
कुर्सी की चमक फीकी पड़ गई है तो
सफेद प्लास्टिक की कुर्सियां समय के साथ पीली या फीकी भी दिखाई दे सकती हैं. ऐसी कुर्सियों पर भी बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे मुलायम स्पंज की मदद से धीरे-धीरे साफ करें और फिर साफ पानी से धो लें. अगर कुर्सियां बालकनी, छत या आंगन में रखी रहती हैं तो उन पर धूल जल्दी जमती है. इस्तेमाल न होने पर उन्हें कपड़े से ढककर रखें, ताकि सतह पर सीधे धूल जमने से बचाया जा सके.
जिद्दी दाग और फफूंदी ऐसे हटाएं
प्लास्टिक की कुर्सियों पर सिर्फ सफेद निशान ही नहीं, बल्कि खाने के दाग, स्याही और फफूंदी भी जम सकती है. फफूंदी साफ करने के लिए सिरके और पानी का घोल इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे प्रभावित जगह पर लगाकर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद मुलायम कपड़े से पोंछकर साफ पानी से धो लें. खाने या दूसरे जिद्दी दागों के लिए भी सिरके और पानी का मिश्रण इस्तेमाल किया जा सकता है. दाग वाली जगह पर इसे लगाएं और कुछ देर बाद मुलायम कपड़े से साफ करें. बहुत जिद्दी दाग होने पर थोड़ी मात्रा में टूथपेस्ट को स्पंज से हल्के हाथ से लगाया जा सकता है. इसके बाद कुर्सी को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें.

धूप से सफेद हो गई है सतह?
लंबे समय तक धूप में रखी प्लास्टिक की कुर्सियों पर सफेद या चॉक जैसी परत दिखाई दे सकती है. ऐसी स्थिति में पहले कुर्सी को साबुन, पानी और मुलायम ब्रश से साफ करें. हार्ड ब्रश का इस्तेमाल करने से बचें. अगर सफाई के बाद भी सतह काफी खराब दिख रही है तो कुर्सी को नया लुक दिया जा सकता है. पहले उसे अच्छी तरह धोकर गंदगी और चिकनाई हटाएं. अगर खरोंच हैं तो फाइन सैंडपेपर से उन्हें हल्के हाथ से स्मूद किया जा सकता है. इसके बाद प्लास्टिक या विनाइल स्प्रे पेंट से कुर्सी को दोबारा पेंट किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : Woollen Clothes Smell: ऊनी कपड़ों से आ रही है गंदी बदबू, धोते समय करें ये काम
कितनी बार करनी चाहिए सफाई?
प्लास्टिक की कुर्सियों को लंबे समय तक साफ और अच्छी हालत में रखने के लिए हर कुछ हफ्तों में हल्की सफाई करते रहें. सिर्फ धूल है तो कपड़े से पोंछना काफी है. वहीं सफेद निशान, दाग या ऑक्सीडेशन दिखने पर हर दो से तीन महीने में गहरी सफाई की जा सकती है.
इसे भी पढ़ें : Spider Web Cleaning: इन तरीकों से करें छत पर लगे मकड़ी जालों की सफाई, आसान हो जाएगा काम
