दीपावली के मौके पर केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजस्थान के बीकानेर में स्थित मिलिट्री स्टेशन पहुंचे, जहां रणबांकुरा डिवीजन में उन्होंने सेना के जवानों के साथ दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं और मिठाई खिलाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं.
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने सैनिकों से आत्मीय संवाद किया और देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि सैनिक त्योहारों पर भी परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हैं. उनका योगदान देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इस दौरान सैनिक भी उन्हें अपने बीच पाकर खुश नजर आए.
सैन्य अधिकारियों और जवानों संग किया दीप प्रज्जवलन
सेना के जवानों के बीच पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अग्निवीर योजना का भी उल्लेख किया. उन्होंने अग्निवीर योजना की सेवा अवधि चार वर्ष से बढ़ाकर छह वर्ष किए जाने के फैसले को अच्छा निर्णय बताया. इसके साथ ही, उन्होंने बीकानेर में प्रस्तावित सगत सिंह म्यूजियम की परिकल्पना को लेकर सैन्य अधिकारियों से चर्चा की. उन्होंने संग्रहालय को क्षेत्र की सैन्य विरासत और सेना के गौरवशाली इतिहास को सहेजने की महत्वपूर्ण पहल बताया. इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
केंद्रीय मंत्री ने सेना के अधिकारियों और जवानों के साथ मिलकर दीप प्रज्जवलन किया, जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और सभी को दीपोत्सव की हार्दिक बधाई दी.
केंद्रीय मंत्री ने जवानों को किया संबोधित
अर्जुन राम मेघवाल ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ा फैसला लिया, कि अब अग्निवीर सेना पर में स्थायी तौर पर शामिल हो सकेंगे. ये बहुत बड़ा फैसला है. इसके लिए सभी अग्निवीरों को बधाई. मेरा मानता हूं कि ये आपके लिए दिवाली गिफ्ट हो गया. पहले इस योजना के तहत सेवा अवधि पूर्ण होने के बाद पैरा मिलिट्री फोर्स में जाने का प्रावधान बनाया गया था, लेकिन अब अग्निवीरों को सेना में हीं स्थायी तौर पर शामिल करने का प्रधानमंत्री मोदी ने फैसला लिया है.’
केंद्रीय मंत्री ने जवानों से पूछा कि ये फैसला अच्छा है, या इसमें अभी भी कुछ संशोधन करना बाकी है. इस पर जवानों ने जोरदार आवाज के साथ कहा कि ये फैसला अच्छा है. उन्होंने कहा कि मैं हर साल दीपावली पर यह कोशिश करता हूं कि मैं दिवाली का ये पल सेना के जवानों के बीच रहूं और इसी संकल्प के तहत जब मैं दीपावली के मौके पर बीकानेर पहुंचता हूं, तो मेरा पहला सार्वजनिक काम सेना के जवानों के साथ ही होता है.’
यह भी पढ़ेंः ‘ये देश आपका ऋणी है’, बस्तर में जवानों से बोले PM मोदी, दिवाली पर दी शुभकामनाएं
