दिवाली का त्योहार आम लोगों से लेकर टीवी सितारों तक ने धूमधाम से मनाया. इस खास मौके पर किसी ने अपने परिवार के साथ खुशियां बांटी तो किसी ने दोस्तों संग जश्न मनाया. टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक से लेकर करिश्मा तन्ना ने दिवाली सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं.
इन फोटोज में सभी का खूबसूरत अंदाज और त्योहार की रौनक देखने को मिली.
मां बनने के बाद करिश्मा तन्ना ने मनाई पहली दिवाली
एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना ने अपने पति वरुण बंगेरा और बेटे वेद के साथ दिवाली मनाई. मां बनने के बाद ये उनकी पहली दिवाली थी. इस खास मौके पर उन्होंने परिवार के साथ एक खूबसूरत फोटोज शेयर किया, जिसमें वे तीनों त्योहार का जश्न मनाते नजर आए. हालांकि, करिश्मा ने अभी तक अपने बेटे का चेहरा रिवील नहीं किया है.
पोस्ट के साथ एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, ‘इस साल हम अपने परिवार के सबसे छोटे सदस्य के लिए एक दीया और जला रहे हैं. वेद की पहली दिवाली की ढेर सारी शुभकामनाएं. आप सभी को हमारी तरफ से दिवाली की बहुत-बहुत बधाई. हम तीनों की ओर से ढेर सारा प्यार.’
अंकिता लोखंडे ने पति विक्की संग मनाई दिवाली
टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे ने अपने पति विक्की जैन के साथ धूमधाम से दिवाली मनाई. एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों साथ में फुलझड़ी जलाते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान दोनों के बीच खूबसूरत बॉन्डिंग भी देखने को मिली.
वीडियो के साथ अंकिता ने कैप्शन में लिखा, ‘सालों बाद शायद मुझे आतिशबाजी याद न रहे, लेकिन मुझे ये जरूर याद रहेगा कि तुमने मुझे किस नजर से देखा था.’
रुबीना दिलैक ने पति और बेटियों संग सेलिब्रेट की दिवाली
टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने अपने पति अभिनव शुक्ला और दोनों बेटियों के साथ धूमधाम से दिवाली मनाई. एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें पूरा परिवार त्योहार के रंग में रंगा नजर आ रहा है. एक फोटो में रुबीना और अभिनव अपनी बेटियों के साथ फुलझड़ी जलाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं.
रुबीना ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘परिवार, आतिशबाजी, रोशनी, मिठाइयां और अनगिनत यादें… हमारी दिवाली 2026.’
