उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तितावी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार हुंडई औरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दूसरी तरफ जाकर पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई.
हादसे के दौरान कार में सवार छह लोग आग की चपेट में आ गए. मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सभी छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
पानीपत से आ रहे थे मुजफ्फरनगर
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी छह लोग हरियाणा के पानीपत से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर आ रहे थे. सोमवार सुबह करीब पांच बजे जग्गाहेड़ी टोल के आगे फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार के चलते कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर दूसरी दिशा में पलट गई. इसके बाद कार आग का गोला बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाकर कार सवार सभी छह लोगों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण सभी ने दम तोड़ दिया.
हादसे में कार पूरी तरह जल गई, जिसके चलते मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है. पुलिस की टीमें मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटी हैं. वहीं पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है और हादसे की जांच के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
एसएसपी मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय ने बताया कि आज सुबह 5बजे के लगभग एक सूचना प्राप्त हुई कि एक कार जो पानीपत हरियाणा से आ रही है. उसमें 6 लोग सवार थे. जग्गाहड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर के ऊपर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और रोंग साइड पर जाकर पलट गई और इस कार में आग लग गई.
इस सूचना पर स्थानीय थाना और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया और कार में जो 6 यात्री थे. उनका उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया. सीरियस बर्न होने के कारण सभी लोगों की अस्पताल में मृत्यु हो गई. आवश्यक वैधानिक कारवाही की जा रही हैं.
