मशहूर अभिनेता पंकज धीर आज जीवित होते तो अपना 70वां जन्मदिन मना रहे होते. एक्टर की आज 70वीं बर्थ एनिवर्सरी है. पंकज एक ऐसे एक्टर थे जिन्होंने न सिर्फ छोटे पर्दे पर दर्शकों का दिल जीता बल्कि बड़े पर्दे पर भी अपनी पहचान बनाई थी. वो सिर्फ एक्टर ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने अपने सिनेमा के करियर में बतौर प्रोड्यूसर और डायरेक्टर भी काम किया था.
पंजाब में हुआ था जन्म
पंकज धीर का जन्म पंजाब में 9 नवंबर 1956 को हुआ था. उन्हें शुरू से ही सिनेमा का शौक था. क्योंकि उनके पिता सी.एल. धीर हिंदी सिनेमा के मशहूर प्रोड्यूसरथे. स्कूल और कॉलेज के दौरान वो नाटकों में हिस्सा लेते थे. बाद में उन्होंने अपनी इस कला को छोटे पर्दे और बड़े पर्दे तक पहुंचाया.
बॉलीवुड से शुरू हुआ एक्टिंग करियर
पंकज धीर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 1981 में आई फिल्म ‘पूनम’ से की थी. इसके बाद वो साल 1983 की मूवी ‘सूखा’ में नजर आए. इसके बाद अभिनेता को ‘इक्के पे इक्का’, ‘मुक़द्दर’, ‘सड़क’, ‘सनम बेवफा’, ‘सौगंध’, ‘हीरो रांझा’, ‘सोल्जर’, ‘बादशाह’, ‘तुमको ना भूल पाएंगे’, ‘अंदाज, ‘जमीन’, ‘टारजन: द वंडर कार’ सहित कई फिल्मों में देखा गया.
इन फिल्मों को किया डायरेक्ट-प्रोड्यूस
पंकज ने ‘बॉम्बे फैंटेसी’, ‘सद्दा मुकद्दर’ और ‘माई फादर गॉडफादर’ जैसी फिल्मों को डायरेक्ट भी किया था. वहीं वो अक्षय कुमार की साल 1994 की फिल्म ‘इक्के पे इक्का’ के प्रोड्यूसर भी रहे. जबकि उन्होंने कई मूवीज की कहानी भी लिखी थी.
‘महाभारत’ में ‘कर्ण’ बनकर मिली गजब की पॉपुलैरिटी
पंकज ने साल 1988 के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में भी काम किया था. इसमें उन्होंने कर्ण का यादगार किरदार निभाया था जिससे उन्हें गजब की लोकप्रियता हासिल हुई. इस टीवी सीरियल में काम करने के अलावा दिवंगत एक्टर ‘देवों के देव महादेव’ और ‘बढ़ो बहू’ जैसे सीरियल्स का भी हिस्सा रहे.
2025 में हो गया था निधन
पंकज धीर अब इस दुनिया में नहीं है. इस बेहतरीन अभिनेता का 15 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया था. वो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. निधन के बाद आखिरी बार पंकज फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए थे. अक्षय कुमार की मुख्य भूमिका वाली ये मूवी जून 2026 में आई थी.
