प्रशांत महासागर में 100 दिनों तक भटकने के बाद 2 बच्चे सहित 5 लोग जिंदा रहे है. 1 नवंबर को इन्हें बचा लिया गया. इस दौरान कछुऐं और पक्षियों को भोजन के तौर पर खाते रहें. इसके अलावा उन्होंने पीने के लिए बारिश के पानी का इस्तेमाल किया. शुरुआत में 9 लोग एक छोटी सी नाव पर बैठकर चुक से माइक्रोनेशिया के आईलैंड की यात्रा पर निकले थे. हालांकि, इस दौरान 4 लोगों की मौत भी हो गई.
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 30 जुलाई को 31 वर्षीय टेडविन्सन पॉल और उनके परिवार के 8 अन्य सदस्य कुछ जरूरी सामान इकट्ठा करने के लिए एक छोटी नाव सवार हुए थे. हालांकि, एक तूफान के कारण नाव अपने रास्ते से भटक गई. उनके नाव का फ्यूल भी खत्म हो गया. शुरुआत में लापता होने की खबर स्थानीय सरकार को दी गई थी. अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने सर्च ऑपरेशन भी शुरू किया. हालांकि उन्होंने सफलता न मिलने पर ऑपरेशन रोक दिया.
रेस्क्यू की उम्मीद में मांगी थी मदद
मुश्किल समय के दौरान, परिवार ने रेस्क्यू की उम्मीद में समुद्र से गुजरने वाले जहाजों की ओर हाथ हिलाकर मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. रिपोर्ट के अनुसार जैसे-जैसे दिन बीतते गए, समूह के 4 लोगों की मौत हो गई. इसमें एक बच्चा भी शामिल था. इस दौरान मरे हुए लोगों के शवों को समुद्र में फेंकना पड़ा. समुद्र में लगभग 100 दिनों के बाद बचे हुए 5 लोगों को आखिरकार जमीन दिखाई दी. 1 नवंबर को किरिबाती हुंचने से पहले उनकी नाव 3,000 मील से अधिक की दूरी तय कर चुकी थी.
आइलैंड के किनारे से नाव टकरा गई
समुद्र में 100 दिन फंसे रहने के बाद फैनिंग नाम के आइलैंड के किनारे से नाव टकरा गई. इसके बाद बचे हुए 5 लोगों को चर्च की घंटियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वे एक गांव पहुंचे. शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि ये लोग नशे में हैं, क्योंकि उन्हें चलने-फिरने में काफी दिक्कत हो रही थी, जो बुरी तरह डिहाइड्रेटेड थे. बाद में उन्हें एक स्थानीय चर्च के पादरी के पास ले जाया गया, जहां उनकी देखभाल की गई.
पीपल की रिपोर्ट के अनुसार, 2 नवंबर तक इन लोगों की हालत में सुधार दिखने लगा था. नर्सिंग ऑफिसर पॉकिन टोरोरो ने बताया कि धीरे-धीरे उनकी ताकत वापस आने लगी. इस बीच रविवार को चुक के गवर्नर अलेक्जेंडर नारुहन ने पुष्टि की कि उन्होंने इन लोगों को वापस उनके घर भेजने के लिए किरिबाती सरकार के साथ बातचीत शुरू कर दी है. 5 लोगों के जीवित मिल जाने की खबर सुनकर अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने भी राहत की सांस ली.
