उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां के दिव्यांग युवक को महाराष्ट्र ले जाकर भीख मंगवाई जा रही है. उसे डेढ़ साल पहले अयोध्या दर्शन जाने के दौरान नशीला पदार्थ खिलाकर अपहरण कर लिया गया था.
अपहरणकर्ता उसे मुंबई लेकर गए, जहां उसे बंधक बनाकर उससे भीख मंगवाई जा रही है. कोर्ट के आदेश पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
यह भी पढ़ें: रामलला के दरबार जाएंगे अखिलेश! PDA के साथ सॉफ्ट हिंदुत्व का संदेश देने की तैयारी
क्या है पूरा मामला ?
गोरखपुर के कैंट थानाक्षेत्र के सिंघड़िया के रहने वाले अधिवक्ता आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनका 50 वर्षीय भाई आलोक कुमार सिंह जो दोनों पैर से दिव्यांग है, वह डेढ़ साल पहले जून माह में अयोध्या जाने की बात कहकर घर से निकला, वो लापता है. परिजन उसकी तलाश में पुलिस और अधिकारियों के चक्कर काटते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
इसी बीच 11 माह पहले एक दिन उसका फोन आया तो उसने जो आपबीती बताई, उससे परिवार के लोग सन्न रह गए. आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर महाराष्ट्र के मालेगांव पहुंचा दिया. वहां बंधक बनाकर जबरन भीख मंगवाई जा रही है. विरोध करने पर मारपीट की जाती है और हत्या की धमकी दी जाती रही. इस मामले में अदालत के आदेश पर कैंट पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की है.
दो जून 2025 को अयोध्या जाने की बात कहकर निकले थे
गोरखपुर के कैंट थानाक्षेत्र के सिघड़िया निवासी अधिवक्ता आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनके भाई आलोक कुमार सिंह (50 वर्ष) दोनों पैरों से दिव्यांग हैं और ट्राइसाइकिल से चलते हैं. दो जून 2025 को मुख्यमंत्री की ओर से मिली बैटरी चालित साइकिल लेकर वह अयोध्या जाने की बात कहकर घर से निकले थे. 12 जुलाई को जन्मदिन के मौके पर उन्होंने फोन कर 250 रुपए मांगे. रुपए भेजने के बाद उन्होंने बताया कि वह अयोध्या के एक शिव मंदिर में हैं और सावन के बाद घर लौट आएंगे. इसके बाद उनका संपर्क टूट गया.
18 जनवरी 2026 को दी भाई को जानकारी
अधिवक्ता भाई आशुतोष कुमार सिंह ने अयोध्या और गोरखपुर पुलिस के साथ उच्चाधिकारियों से शिकायत कर आलोक की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला. आरोप है कि 18 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे आलोक ने दूसरे मोबाइल नंबर से अपने भाई को फोन किया. उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में कुछ लोगों ने उन्हें अयोध्या में नशीला पदार्थ खिलाकर महाराष्ट्र पहुंचा दिया था.
उन्होंने मोबाइल पर बताया था कि इस गैंग में एक महिला भी शामिल है जिसने उन्हें नशे का इंजेक्शन लगा दिया था. जब उनको होश आया तो वह मुंबई के मालेगांव की एक बस्ती में थे जहां उन्हें बंधक बनाकर रखा गया है और उनसे भीख मंगवाई जा रही है.
लगातार रखी जाती है निगरानी
आशुतोष ने बताया कि उनके भाई आलोक कुमार सिंह ने फोन पर बताया था कि उन्हें मालेगांव में दुर्गा मंदिर के पीछे एक झुग्गी में रखा गया है. अवधेश और सूरज नाम के व्यक्ति उन पर निगरानी रखते हैं. निगरानी करने वालों के बाहर जाने पर उन्हें फोन करने का मौका मिला. उन्होंने यह भी बताया कि किसी को जानकारी देने पर आरोपी हत्या की धमकी देते हैं.
आशुतोष ने एडीजी समेत कई अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया. सीजेएम त्विषि श्रीवास्तव के आदेश पर कैंट पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140 (4) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. हालांकि इस मामले में कैंट पुलिस जीरो एफआईआर दर्ज कर विवेचना अयोध्या ट्रांसफर करने की तैयारी में है.
यह भी पढ़ें: खरगे की ‘खुशियों की ईद’ वाले बयान पर सपा सांसद बोलीं, ‘…स्लिप ऑफ टंग है’
