Headlines

दिवाली के अगले दिन यूपी में कई जगह सड़क हादसे, 21 लोगों की मौत, 56 जख्मी


उत्तर प्रदेश में दीपावली के अगले दिन सोमवार (09 नवंबर) को छह अलग-अलग सड़क हादसों में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 56 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. ये हादसे मुजफ्फरनगर, चित्रकूट, लखनऊ, कुशीनगर और शाहजहांपुर जिलों में हुए. सबसे भीषण हादसा मुजफ्फरनगर में हुआ जहां हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रही एक कार ‘डिवाइडर’ और बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई तथा उसमें आग लगने से छह लोगों की जलकर मौत हो गई.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हादसा सुबह करीब चार बजकर 50 मिनट पर पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर तितावी थानाक्षेत्र के जगाहेड़ी गांव के पास हुआ. उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राहुल (22), अंकित (21), साहिल (22), अजय (22), अंकित (22) और अमन (19) के रूप में हुई है तथा वे सभी हिसार के रहने वाले थे. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार तेज रफ्तार में होने की बात सामने आई है.

पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता के लिए अधिकारियों को निर्देश

उन्होंने बताया कि ड्राइवर के नियंत्रण खोने के बाद कार ‘डिवाइडर’ और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई एवं उसमें आग लग गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मुजफ्फरनगर के ही शाहपुर क्षेत्र में संजक गांव के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से 15 वर्षीय मोनिश की मौत हो गई और उसका दोस्त निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया. बस ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.

चित्रकूट के मऊ में सड़क हादसे में 4 की मौत

इस बीच, चित्रकूट के मऊ तहसील क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर के पास 8 या 9 नवंबर की दरमियानी रात करीब ढाई बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई तथा 12 अन्य घायल हो गए. जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि वाहन चित्रकूट से लौट रहा था, तभी ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक निकल गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई तथा उस पर सवार लोग उसके नीचे दब गये. उन्होंने बताया कि वाहन में मध्यप्रदेश के रीवा जिले के एक परिवार समेत करीब 25 लोग सवार थे.

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस के खाई में गिरने से 3 की मौत

एक अन्य हादसे में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट के पास सुबह करीब छह बजे राजस्थान के ब्यावर से बिहार के छपरा जा रही एक बस के अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरने से तीन यात्रियों की मौत हो गई और 41 अन्य घायल हो गए. पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों में शंकर रजक (63) और शमली राय (43) शामिल हैं, जबकि तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं.

शाहजहांपुर में बस के स्टाफ को ट्रक ने कुचला

उधर, शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक निजी बस से उतरकर खिड़की के शीशे की जांच रहे परिचालक विपिन यादव (50) और उसके सहायक कौशल (35) को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.  पुलिस के अनुसार, बस दिल्ली से झारखंड जा रही थी. लखनऊ के मानकनगर क्षेत्र में देव अस्पताल के पास एक अज्ञात फोर व्हीलर की टक्कर से दोपहिया सवार 22 वर्षीय दीपांशु रावत की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया.

लखनऊ के दुबग्गा में ई-रिक्शा-कार की टक्कर में 2 की मौत

एक अन्य घटना में, लखनऊ के ही दुबग्गा इलाके में रविवार (08 नवंबर) रात करीब नौ बजे एक ई-रिक्शा और कार की टक्कर में दो यात्रियों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस का कहना है कि यह हादसा कार चालक की कथित लापरवाही के कारण हुआ.

कुशीनगर में सड़क हादसे में 1 शख्स की मौत

कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार इलाके में रविवार रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर लोहझार क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी. इस घटना में पैदल यात्री की मौत हो गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक टक्कर होने से सड़क पर गिरे मोटरसाइकिल सवार को एक तेज रफ्तार अन्य गाड़ी ने कुचल दिया जिससे उसकी भी मृत्यु हो गई. 

उन्होंने बताया कि अन्य गाड़ी का ड्राइवर मौके से भाग गया है और उसे पकड़ने की कोशिशें की जा रही हैं. अधिकारियों ने बताया कि हादसों के कारणों की जांच की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है.

कानपुर में मकान की छत ढही, एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत; CM योगी ने जताया दुख



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *