Headlines

पंजाब चुनाव 2027: हिंदू मतदाताओं को एकजुट करने में जुटी भाजपा, बनाई नई रणनीति


पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने हिंदू मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है. पार्टी ने प्रदेश के 94 शहरों में सक्रिय 77 से ज्यादा हिंदू बिरादरियों के प्रतिनिधियों से संपर्क किया है. इसके जरिए भाजपा शहरी और अर्धशहरी इलाकों में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करना चाहती है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में चंडीगढ़ के एक निजी होटल में हिंदू बिरादरियों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई थी. इसमें पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ सनातनी विचारधारा से जुड़े कई लोग शामिल हुए. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रतिनिधियों से बातचीत की और उन्हें एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया.

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया. इस दौरान सभी संगठनों से आपसी तालमेल बढ़ाने और समाज के साझा हितों के लिए एक मंच पर आने की अपील की गई.

मोगा में पराली जलाने के 216 मामले, AQI 300 पहुंचा, प्रदूषण को लेकर बढ़ी चिंता

पंजाब में 38 फीसदी है हिंदू आबादी

2011 की जनगणना के मुताबिक, पंजाब में हिंदू आबादी करीब 38 फीसदी है. भाजपा की नजर इस बड़े वोट बैंक पर है. पार्टी को उम्मीद है कि हिंदू बिरादरियों को एकजुट करने से उसे आगामी विधानसभा चुनाव में फायदा मिल सकता है. प्रदेश की 117 विधानसभा सीटों में करीब 22 सीटें ऐसी मानी जाती हैं, जहां हिंदू मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की स्थिति में हैं.

2022 के विधानसभा चुनाव में इन 22 सीटों में से 15 पर आम आदमी पार्टी, पांच पर कांग्रेस और दो पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी. जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और पटियाला जैसे शहर भाजपा की रणनीति के लिहाज से अहम हैं.

कांग्रेस और आप भी बना रहीं रणनीति

भाजपा ने हिंदू मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, अनिल सरीन और विनीत जोशी जैसे नेताओं को जिम्मेदारी दी है. वहीं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस भी इस वोट बैंक को लेकर सक्रिय हैं.

सांसद अमृतपाल सिंह के लिए मांगी गई पैरोल, दादी के निधन के बाद याचिका दाखिल

भाजपा की कोशिश सिर्फ हिंदू मतदाताओं तक सीमित नहीं है. पार्टी सिख, ओबीसी और दलित समुदायों में भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है. ऐसे में आगामी चुनाव में पंजाब का सामाजिक और जातीय समीकरण काफी अहम रहने वाला है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *