Headlines

NCP के 30 विधायक छोड़ेंगे पार्टी? संजय राउत के दावे पर सुनील तटकरे का जवाब


शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने दावा किया था कि एनसीपी के 20-30 विधायक पार्टी छोड़ेंगे. अब इस दावे को खारिज करते हुए सुनील तटकरे ने टिप्पणी की. दरअसल दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर राज्य में जोरदार चर्चा चल रही है. इसी बीच ठाकरे गुट के नेता संजय राऊत ने एक बड़ा दावा कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है. 

राऊत के इस दावे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने प्रतिक्रिया दी है. सुनील तटकरे ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद से संजय राऊत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. इसलिए वे कुछ भी बोलते रहते हैं. हमारी पार्टी एकजुट है. हमारे सभी विधायक साथ हैं और कोई भी कहीं नहीं जाने वाला है.

सुनील तटकरे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “संजय राऊत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उनके साथ मेरे अच्छे संबंध हैं. लेकिन विधानसभा चुनाव होने के बाद से उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. मनगढ़ंत कहानियां बनाना और सुबह-सुबह नया नैरेटिव छोड़ना, बस यही काम अब राऊत के पास रह गया है. वे यही काम करते रहते हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस एकजुट है. हमारे 41 विधायक सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में काम कर रहे हैं. कोई भी पार्टी छोड़कर नहीं जाएगा.”

सीएम फडणवीस से मुलाकात पर क्या बोले तटकरे?

तटकरे ने सीएम फडणवीस से मुलाकात पर कहा कि मुख्यमंत्री से दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए मुलाकात हुई थी. इस दौरान कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई. मेरे रोहा शहर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तर्ज पर रेलवे स्टेशन को मंजूरी दी गई है. उसके भूमिपूजन के लिए मुख्यमंत्री से आने का अनुरोध किया है.

‘विलय की चर्चा में कोई तथ्य नहीं’

इस दौरान सुनील तटकरे ने दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, “सुनेत्रा पवार ने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. जिसमें उन्होंने कहा कि जब जो बातें होंगी, उस समय सबको पता चल जाएगा. इसलिए मुझे नहीं लगता कि दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय की चर्चा में कोई तथ्य है.”

विधायकों के शरद पवार से मुलाकात पर दी यह प्रतिक्रिया

राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक शरद पवार से मुलाकात करने वाले हैं. इस पर भी सुनील तटकरे ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “विधायकों की मुलाकात के बारे में मुझे जानकारी नहीं है. शरद पवार पिछले छह दशकों से देश और राज्य के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं. राज्य और देश में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है. यही वजह है कि जब वे रूबी अस्पताल में भर्ती थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली थी.”

तटकरे ने कहा, “2015 में उनका अमृत महोत्सव मनाया गया था. उस समय सभी राजनीतिक दलों के नेता उनके सम्मान में एक साथ आए थे. इसलिए ऐसे वरिष्ठ नेता की तबीयत ठीक नहीं होने पर, ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनसे मिलने जाना स्वाभाविक है.”

तटकरे ने यह भी कहा, “शरद पवार ने ही हमें राजनीति में गढ़ा है. हम अजितदादा के नेतृत्व में एनडीए के साथ गए, यह एक राजनीतिक विचारधारा का फैसला हो सकता है. लेकिन शरद पवार हमारे लिए दैवत समान हैं. इसलिए उनसे मिलने जाना गलत नहीं है. मैं भी जब मुंबई में रहूंगा, तो उनसे मुलाकात करने जाऊंगा.”

NCP विलय की अटकलों के बीच सुनेत्रा पवार ने दिया अहम संकेत, कहा- ‘बातें सामने आएंगी…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *