Headlines

महादेव बेटिंग ऐप केस: प्रमोटर सौरभ चंद्राकर पर कसा शिंकजा, कोर्ट ने 7 दिन की ED कस्टडी में भेजा


महादेव ऑनलाइन बुक बेटिंग सिंडिकेट के सह-मालिक और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है. ED ने 13 नवंबर 2026 को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून, 2002(PMLA) की धारा 19 के तहत यह कार्रवाई की. रायपुर की विशेष Court ने सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए 7 दिनों यानी 19 नवंबर 2026 तक ED की हिरासत में भेज दिया है. सौरभ इस सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाया गया है.

यह घटनाक्रम तब हुआ जब एक दिन पहले ही CBI कोर्ट ने चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. CBI कोर्ट द्वारा अपनी अर्जी खारिज किए जाने के बाद, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी की मांग करते हुए PMLA विशेष अदालत का रुख किया था.

भारत और UAE में बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी बनाई

ED की जांच के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसका दूसरा सहयोगी रवि उप्पल दुबई स्थित मुख्यालय से महादेव ऑनलाइन बुक नाम से कई अवैध ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट चलाते थे. इसके लिए भारत और संयुक्त अरब अमीरात में बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी बनाई गई थी. इन प्लेटफॉर्म पर खिलाड़ियों से मिलने वाली रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा की जाती थी और फिर हवाला के जरिए भारत से बाहर भेजी जाती थी.

ED ने 20 अक्टूबर 2023 को दाखिल अपनी मुख्य शिकायत में इस सिंडिकेट की हर महीने की कमाई करीब 450 करोड़ रुपये आंकी थी.

समन से बचता रहा सौरभ, इंटरपोल ने जारी किया था रेड नोटिस

ED के मुताबिक, सितंबर 2023 में समन जारी होने के बावजूद सौरभ चंद्राकर जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ और लगातार जांच से बचता रहा. ED की अर्जी पर विशेष PMLA Court ने 04 सितंबर 2023 को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था. इसके बाद ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया.

सौरभ ने इस वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज कर दी गई. जांच में सामने आया कि भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद उसने वानुआतु का पासपोर्ट हासिल किया था. उसने विशेष Court में यह दावा भी किया था कि 28 जून 2022 को उसने भारतीय नागरिकता छोड़ दी थी.

ओमान की Court ने भारत प्रत्यर्पण का दिया आदेश

ED ने सौरभ की भारत वापसी के लिए भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत कार्रवाई की. विशेष Court के जरिए ओमान को प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया था. 08.10.2026 को मस्कट की अपील Court ने उसके भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया.

भारतीय दूतावास से सौरभ की भारतीय नागरिकता की पुष्टि होने के बाद ओमान की Court ने नागरिकता छोड़ने से जुड़ी उसकी दलील खारिज कर दी. Court के रिकॉर्ड के मुताबिक, उसे मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फर्जी यात्रा दस्तावेज के जरिए बाहर जाने की कोशिश करते समय पकड़ा गया था.

इसके बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम 01 नवंबर 2026 को उसे मस्कट से भारत लेकर आई. ED ने इस कार्रवाई में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार जताया है.

अब तक 3,500 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच

महादेव बेटिंग ऐप मामले में ED अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ले चुकी है. जांच के दौरान करीब 2,000 करोड़ रुपये जब्त या फ्रीज किए गए हैं, जबकि करीब 3,500 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की गई है. इसमें लगभग 1,800 करोड़ रुपये की विदेश में मौजूद संपत्ति शामिल है. दुबई में 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं. ED इस मामले में अब तक 116 आरोपियों के खिलाफ 6 अभियोजन शिकायतें दाखिल कर चुकी है. सौरभ चंद्राकर इस मामले में ED की ओर से गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी है.

बेटिंग की कमाई से अमेरिकी कंपनी खरीदने का आरोप

ED ने अपनी जांच में बेटिंग पैनल संचालकों से लेकर दुबई स्थित मुख्यालय, हवाला संचालकों और शेयर बाजार में निवेश करने वालों तक पैसों के लेन-देन का पता लगाया है. सितंबर 2023 में ED ने दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपये की प्रतिभूतियां फ्रीज की थीं. जुलाई 2026 में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था. उसकी कंपनियों में बेटिंग से कमाए गए करीब 940 करोड़ रुपये पहुंचे थे. इनमें से लगभग 766 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अमेरिकी कंपनी एबिक्स इंक. के अधिग्रहण में किया गया था. इस मामले से जुड़े हिस्से में ED करीब 941 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है.

दुबई में शादी पर खर्च किए थे करीब 200 करोड़ रुपये

ED की जांच में सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में रास अल खैमाह में हुई शादी भी सामने आई थी. इस शादी पर करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए जाने का अनुमान है. शादी में नागपुर से 3 चार्टर्ड विमान के जरिए मेहमानों को दुबई ले जाया गया था.

ED ने कार्यक्रम आयोजित करने वाली कंपनी, होटल और अंगड़िया फर्मों के जरिए इस रकम के लेन-देन का पता लगाया. जांच एजेंसी को मिले मेहमानों के रिकॉर्ड से सिंडिकेट के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान भी हुई.

डिजिटल डेटा और विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच

ED की हिरासत में सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा और विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की जाएगी. जांच एजेंसी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूतों को सामने रखकर भी उससे सवाल करेगी. मामले में आगे की जांच जारी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *