दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके से दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने गैंगस्टर काला जठेड़ी गैंग के रोहित उर्फ हड्डी गिरफ्तार किया है. अपराधी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित पर फायरिंग की थी. उस पर इलाके में हथियार लहराकर लोगों को डराने का भी आरोप है. आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
जानकारी के मुताबिक, आउटर नॉर्थ जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने काला जठेड़ी गैंग से जुड़े एक वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान रोहित उर्फ हड्डी (28) निवासी मुकुंदपुर, दिल्ली के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
दिल्ली: सीवर में गिरकर 4 साल के मासूम की मौत, टुकड़ों में मिला शव
फायरिंग और हथियार दिखाकर लोगों को डराने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात स्पेशल स्टाफ की टीम को आरोपी के भलस्वा डेयरी इलाके में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति पर फायरिंग करने और इलाके में हथियार लहराकर स्थानीय लोगों को डराने का आरोप है.
हथियार बरामद होने के बाद आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर भी हथियारों का प्रदर्शन कर अपनी आपराधिक छवि बनाने की कोशिश कर रहा था. हथियार बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ भलस्वा डेयरी थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 697/26 दर्ज की गई है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज फायरिंग और अन्य आपराधिक मामलों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है.
अपराधी पर लूट, मारपीट सहित दर्ज हैं 10 मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट समेत कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसकी गिरफ्तारी से भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज दो अन्य मामलों को भी सुलझाने का दावा किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है.
Exclusive: दिल्ली में दमघोंटू हवा ने बढ़ाई मास्क और दवाओं की मांग, N95-N99 की बिक्री में 4 गुना उछाल
