दिल्ली में नवंबर की चंद दिनों की ठंड ने ही प्रदूषण के नए आयाम सेट कर दिए हैं. सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर के डेटा के मुताबिक, बीती पांच सर्दियों में टॉप-10 में रहने वाले कुछ पुराने हॉटस्पॉट इस बार पीछे छूट गए हैं. जबकि ITO, DTU, पूसा, सोनिया विहार और नार्थ कैंपस जैसे इलाके अचानक ऊपर आ गए हैं.
CREA ने बीती छह सर्दियों के PM2.5 के औसत स्तर की तुलना की है. 13 नवंबर तक जो डेटा देखा गया है, अभी और आगे बढ़ सकता है. इस डेटा के मुताबिक जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग़, ITO जैसे इलाके सबसे ज्यादा प्रदूषित हैं.
यह भी पढ़ें: दिवाली के पटाखे ने छीनी 12 साल की बच्ची की आंख! पड़ोसी पर केस दर्ज
इस सीजन के टॉप-10 सबसे प्रदूषित इलाके:
- जहांगीरपुरी – 160 µg/m³
- पंजाबी बाग – 156 µg/m³
- ITO – 152 µg/m³
- विवेक विहार – 148 µg/m³
- DTU – 145 µg/m³
- रोहिणी – 144 µg/m³
- पूसा (IITM) – 141 µg/m³
- सोनिया विहार – 139 µg/m³
- नॉर्थ कैंपस – 139 µg/m³
- आरके पुरम – 138 µg/m³
इन सभी 10 जगहों पर औसत PM2.5 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से ऊपर रहा.
नए हॉटस्पॉट कैसे ऊपर आए?
इसके अलावा ITO: 2021-22 में 17वें और 2022-23 में 13वें स्थान पर था. बाद में 24वें-26वें तक खिसक गया था, जबकि अब तीसरे स्थान पर है.
- DTU: पहले 13वें से 37वें तक गिरा था. पिछले तीन साल 27-39 के बीच रहा. अब पांचवें स्थान पर है.
- पूसा (IITM): पिछले सालों में 30-33 के आसपास. अब सातवें पर.
- सोनिया विहार और नॉर्थ कैंपस भी पहली बार टॉप-10 में शामिल हुए.
- आरके पुरम दो साल बाद फिर टॉप-10 में लौटा है.
- पुराने हॉटस्पॉट पीछे छूटे
पिछली पांच ठंडों में लगातार टॉप-10 में रहने वाले छह स्टेशन थे- जहांगीरपुरी, रोहिणी, मुंडका, वजीरपुर, नेहरू नगर और आनंद विहार। इस सीजन में सिर्फ जहांगीरपुरी और रोहिणी बचे हैं.मुंडका 13वें, वजीरपुर 35वें, नेहरू नगर 38वें, आनंद विहार 48वें स्थान पर पहुंच गया है.
PM10 की तस्वीर
PM10 में सबसे ज्यादा औसत IIT दिल्ली में 326 µg/m³ रहा. इसके बाद जहांगीरपुरी (305), चांदनी चौक (299), मुंडका (292) और द्वारका सेक्टर-8 (282) का स्थान रहा.
सीजन के बजाय साल भर करने होंगे उपाय
CREA के मनोज कुमार कहते हैं, “दिल्ली खुद एक प्रदूषण हॉटस्पॉट है, लेकिन शहर के अंदर कुछ इलाकों पर स्थानीय स्रोतों की वजह से अतिरिक्त बोझ है. हर साल इन्हीं जगहों पर सबसे ज्यादा PM2.5 दर्ज होता है. व्यापक प्रयासों के साथ इन इलाकों के लिए साल भर के विशेष उपाय जरूरी हैं.”
वहीं दिल्ली सरकार की पुरानी रिपोर्ट में आनंद विहार, मुंडका, जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, रोहिणी, आरके पुरम, वजीरपुर, विवेक विहार समेत 13 जगहों को आधिकारिक हॉटस्पॉट घोषित किया गया था, जहां वार्षिक औसत PM10 300 और PM2.5 100 µg/m³ से ज्यादा था.
यह भी पढ़ें: कैप्टन अमरिंदर की कांग्रेस में होगी वापसी? अब पार्टी की तरफ से आया बड़ा बयान
