Headlines

Food Storage Tips: खाना पकाने के कितनी देर बाद फ्रिज में रखना चाहिए? नोट करें सही समय


Food Danger Zone Temperature: खाना बनाना, खाना और फिर बचा हुआ खाना फ्रिज में रख देना रोज की सामान्य रूटीन है. लेकिन क्या आप गर्म खाना सीधे ढककर फ्रिज में रख देते हैं? अगर हां, तो आपको इस आदत को थोड़ा बदलने की जरूरत है. खासकर जब खाना अभी भी बहुत गर्म हो, उसमें से भाप निकल रही हो या बर्तन को हाथ लगाना मुश्किल हो, तब उसे तुरंत फ्रिज में रखना सही तरीका नहीं माना जाता. हालांकि, इसका मतलब यह भी नहीं है कि खाने को घंटों तक बाहर छोड़ दिया जाए. सही तरीका है कि खाने को कम समय में सुरक्षित तरीके से ठंडा किया जाए और फिर फ्रिज में रखा जाए.

गर्म खाना तुरंत फ्रिज में रखने से क्या होता है?

फूड स्टोरेज के मामले में सबसे जरूरी बात खाने को ऐसे तापमान पर ज्यादा देर तक रहने से बचाना है, जहां बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं. इसे डेंजर जोन कहा जाता है. यह तापमान करीब 40 से 140 डिग्री फॉरेनहाइट यानी लगभग 4 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है. गर्म खाना जब ठंडा होता है, तो वह इस तापमान सीमा से होकर गुजरता है. समस्या तब होती है जब खाना लंबे समय तक इसी रेंज में पड़ा रहता है. ऐसे में बैक्टीरिया बढ़ने की संभावना बढ़ सकती है और इससे फूड इलनेस का खतरा हो सकता है.

गहरे बर्तन में खाना रखने से बढ़ सकती है परेशानी

यही वजह है कि खाना पकाने के तुरंत बाद उसे एक गहरे और बड़े बर्तन में भरकर फ्रिज में रख देना सही तरीका नहीं है. अगर खाना बहुत गर्म है और बर्तन भी गहरा है, तो उसका अंदरूनी हिस्सा लंबे समय तक गर्म रह सकता है. यानी खाना पूरी तरह से जल्दी ठंडा नहीं होगा और वह ज्यादा समय तक डेंजर जोन में रह सकता है. इसके अलावा बहुत गर्म बर्तन को सीधे फ्रिज में रखने से उसके आसपास रखे दूसरे खाने का तापमान भी बढ़ सकता है. इससे फ्रिज को दोबारा ठंडा होने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और उसकी एनर्जी खपत भी बढ़ सकती है.

गर्म खाने को ठंडा करने का सही तरीका क्या है?

सबसे पहले खाने को उस बर्तन से निकालना बेहतर है, जिसमें उसे पकाया गया था. इसके बाद उसे किसी कम गहरे कंटेनर में रखें. कंटेनर की ऊंचाई करीब चार इंच से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. खाने को एक जगह बहुत ज्यादा भरने के बजाय थोड़ी जगह देकर फैलाने से उसकी गर्मी जल्दी बाहर निकलती है और वह तेजी से ठंडा होता है. खाने को करीब 30 से 60 मिनट तक इस तरह कमरे के तापमान पर ठंडा होने दिया जा सकता है. जब खाना बहुत ज्यादा गर्म न रहे और कमरे के तापमान के करीब आ जाए, तब उसे फ्रिज में रखा जा सकता है. फ्रिज का तापमान 40 डिग्री फॉरेनहाइट यानी करीब 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रखना चाहिए. इसके बाद खाना फ्रिज के अंदर और ठंडा होता रहेगा.

Food Storage Tips: खाना पकाने के कितनी देर बाद फ्रिज में रखना चाहिए? नोट करें सही समय

ज्यादा खाना बच जाए तो क्या करें?

अगर खाना ज्यादा मात्रा में बचा है, तो उसे एक ही बड़े और गहरे कंटेनर में भरने से बचें. खाने को छोटे या कम गहरे कंटेनरों में बांटकर रखना ज्यादा बेहतर तरीका है. इससे हर हिस्से की गर्मी तेजी से निकलती है और खाना समान रूप से ठंडा होता है. ज्यादा खाना होने पर एक कंटेनर को बहुत ज्यादा भरने के बजाय उसे अलग-अलग हिस्सों में बांटना भी मददगार हो सकता है. इससे खाने के हर हिस्से को जल्दी ठंडा करने में मदद मिलती है.

इसे भी पढ़ें- How To Clean Nonstick Pan: बगैर नुकसान पहुंचाए ऐसे धोएं नॉनस्टिक फ्राई पैन, काम आएगी यह तरकीब

सूप और स्टू को जल्दी कैसे ठंडा करें?

सूप या स्टू जैसी चीजों को जल्दी ठंडा करने के लिए कुछ और तरीके भी अपनाए जा सकते हैं. इनमें बर्फ के टुकड़ों का इस्तेमाल करना, खाने को लगातार चलाते रहना या उसे ऐसी जगह रखना शामिल है जहां गर्मी आसानी से निकल सके. इन तरीकों का मकसद सिर्फ इतना है कि खाना डेंजर जोन में ज्यादा देर तक न रहे.

खाना कितनी देर तक बाहर रखा जा सकता है?

खाने को ठंडा करने के चक्कर में उसे बहुत देर तक बाहर छोड़ना भी सही नहीं है. कमरे के तापमान पर खाना दो घंटे से ज्यादा नहीं रखा जाना चाहिए. यानी सही तरीका यह नहीं है कि खाना बनाकर कई घंटों तक बाहर छोड़ दें और फिर रात में फ्रिज में रखें. खाने को सीमित समय में ठंडा करके फ्रिज में रखना ज्यादा सुरक्षित तरीका है.

इसे भी पढ़ें- How To Store Sweets: मिठाई को फ्रिज में रखें या नहीं, ज्यादा दिन तक कैसे रहती है फ्रेश?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *