फिलीपींस की राजधानी मनीला में 17 नवंबर को क्वाड (Quad) नेताओं के शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई. इस दौरान ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत मजबूत इंसान हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्वाड के नेता उनके अच्छे दोस्त हैं. उन्होंने कहा, ‘पीएम मोदी एक महान नेता और मेरे दोस्त हैं, जिनका पूरी दुनिया में हर कोई बहुत सम्मान करता है.’
क्वाड के मंच से ट्रंप ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत सख्त इंसान हैं और साने ताकाइची (जापानी प्रधानमंत्री) तो शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं. अल्बनीज (ऑस्ट्रेलियाई पीएम) और मैं ठीक हैं. इन लोगों और इन देशों के साथ शुरुआत से ही हमारे बहुत अच्छे संबंध रहे हैं. मैं इन तीनों के साथ लंबे समय से काम कर रहा हूं और ये सभी बेहद शानदार लोग हैं. ये मेरे दोस्त हैं, जिससे काम करने में काफी मदद मिलती है. वैसे पीएम मोदी बहुत सख्त हैं और साने ताकाइची शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं. हम भी ठीक हैं.
हम दुनिया के सबसे सफल देशों में शामिल: ट्रंप
क्वाड नेताओं के साथ बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘हमारे लिए यह साल काफी शानदार रहा है. क्वाड की बहाली के बाद हमारा आपसी सहयोग लगातार बढ़ा है और हमारी दोस्ती भी पहले से कहीं ज्यादा गहरी हुई है. हम सभी आपस में दोस्त हैं और इस तरह काम करना काफी आसान हो जाता है. ये देश पूरी दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों में से एक का प्रतिनिधित्व करते हैं.’
ट्रंप ने कहा, ‘हम दुनिया के सबसे सफल देशों में शामिल हैं और कई मायनों में दुनिया के सबसे ताकतवर देश भी हैं. हमारे चारों देश एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और बेहद समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार मजबूत स्तंभ हैं. हमारे बीच बेहद शानदार संबंध हैं और हम क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक कूटनीति से जुड़े मामलों पर आपस में मिलकर करीब से काम करते हैं.’
क्वाड बैठक पर दुनिया की नजर
यह मुलाकात कूटनीतिक रूप से इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि 19 नवंबर को ट्रंप चीन के शेनझेन शहर में APEC शिखर सम्मेलन के इतर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक त्रिपक्षीय बैठक करने जा रहे हैं.
ब्लूमबर्ग ने भारतीय और जापानी राजनयिकों के हवाले से बताया है कि इस बैठक में आर्थिक सुरक्षा पर सबसे ज्यादा जोर रहने की उम्मीद है. इस दौरान खास तौर पर नई और संवेदनशील तकनीक, क्रिटिकल मिनरल्स, सामानों की निर्बाध सप्लाई चेन और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होगी.
समुद्री विवादों के कारण हाल के वर्षों में फिलीपींस और चीन के बीच रहे तनाव को देखते हुए, मनीला में इस बैठक का होना एक बड़ा कूटनीतिक संदेश माना जा रहा है. इस क्वाड शिखर सम्मेलन के एजेंडे में मुख्य रूप से कॉमर्शियल शिपिंग की सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स और मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात जैसे मुद्दे शामिल हैं.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मनीला पहुंचने पर राष्ट्रपति ट्रंप को तीखे विरोध का सामना करना पड़ा. उनके दौरे के खिलाफ मनीला में लगातार पांचवें दिन प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति ट्रंप के पुतले फूंके और मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को तुरंत समाप्त करने की मांग की. इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के नेतृत्व वाली सप्लाई चेन पहल ‘पैक्स सिलिका’ (Pax Silica) को रद्द करने की भी मांग उठाई है.
