गोवा घूमने जाने वाले पर्यटकों के एक बड़ी खुश खबरी है. अब गोवा के बीच पर रात में टहलते हुए काजू लेकर खा सकते हैं. दरअसल, गोवा सरकार ने राज्य में दुकानों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल को तीन साल तक चौबीसों घंटे खुले रखने की अनुमति दे दी है. इस नए नियम से ग्राहक सामान्य कामकाजी घंटों के बाद भी खरीदारी कर सकेंगे. यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
श्रम विभाग ने मंगलवार {17 नवंबर 2026} को गोवा दुकान एवं प्रतिष्ठान (रोजगार का विनियमन और सेवा की शर्तें) अधिनियम, 2025 के तहत इस संबंध में अधिसूचना जारी की.अधिसूचना के अनुसार, यह अनुमति तीन साल तक प्रभावी रहेगी, जब तक कि सरकार इसे वापस नहीं लेती.
नियम के साथ खुल सकेंगे मॉल और शॉप
इसमें कहा गया है कि यह छूट अधिनियम के वैधानिक प्रावधानों का पालन करने की शर्त पर दी गई है. यानी दुकानदारों को अगर चौबीसों घंटे दुकान या मॉल खोलने भी हैं तो वे अपने कर्मचारियों से अतिरिक्त काम नहीं करवा सकते. तय समय के अनुसार ही कर्मचारियों से काम करवाने की अनुमति रहेगी. अतिरिक्त काम के लिए अतिरिक्त वेतन या अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति आवश्यक होगी.
सप्ताह में 48 घंटे से ज्यादा नहीं करवा सकते काम
दैनिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों के लिए सामान्य कामकाजी दिन 8 घंटे का तय किया गया है. अधिसूचना में चेतावनी दी गई है कि किसी भी वैधानिक प्रावधान या निर्धारित शर्त का उल्लंघन करने वाले नियोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
कर्मचारियों के लिए, काम के घंटे इस तरह तय किए जाने चाहिए कि उनका साप्ताहिक कुल समय 48 घंटे से अधिक न हो. सरकार आराम के लिए मिलने वाले ब्रेक (rest breaks) के बारे में भी जानकारी देगी.
नियमों पर जोर
‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ के अनुसार, इन दुकानों और मॉल के मालिकों को अपनी जगह पर काम के घंटे, आराम के समय और साप्ताहिक छुट्टियों के बारे में साफ-साफ जानकारी देनी होगी. इसके अलावा कुछ और नियम भी हैं. हर दुकान साफ-सुथरी और संक्रमण-मुक्त होनी चाहिए. साथ ही, वहां हवा आने-जाने (वेंटिलेशन) और रोशनी का उचित इंतजाम होना चाहिए. नियमों के तहत, दुकान के अंदर या आसपास कचरा या मलबा जमा करना भी मना है.
ग्राहकों के लिए इस नियम का मतलब यह है कि वे देर रात या सुबह जल्दी भी किराने का सामान, कपड़े और अन्य जरूरी चीजें खरीद सकेंगे, और उन्हें दुकान बंद होने से पहले जल्दबाजी नहीं करनी पड़ेगी. लोग मॉल में समय बिता सकेंगे और सामान्य समय के अलावा भी कुछ खा-पी सकेंगे. दुकानों के लिए, इस नियम का मतलब है कि देर रात तक खरीदारी करने वालों की वजह से उनकी बिक्री बढ़ेगी!
यह भी पढ़ें:- ईसाई स्कूल में भगवा साड़ी पहनने पर बवाल, CM और शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश
