कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत और पाकिस्तान के रिश्तों को लेकर अहम बयान दिया. अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में पाकिस्तानी छात्र ने पूछा कि भारत और पाकिस्तान आरोप प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आपसी हितों के लिए मिलकर काम कर सकते हैं? इस पर राहुल ने कहा, ‘यह एक बड़ी समस्या है. पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा देता है, उसका समर्थन करता है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और हम पाकिस्तान के साथ बात करें, यह असंभव है. जब यह रुक जाएगा, तभी ही बातचीत की कोई भी संभावना बन सकती है.’
पाकिस्तानी छात्र: क्या आपको लगता है कि भारत और पाकिस्तान आरोप प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आपसी हितों के लिए मिलकर काम कर सकते हैं? राहुल गांधी: एक बड़ी समस्या है. पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा देता है, उसका समर्थन करता है. हमारे निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और हम पाकिस्तान के साथ बात करें, यह असंभव है जब यह रुक जाएगा- तभी ही बातचीत की कोई भी संभावना बन सकती है @RahulGandhi 🔥🔥🔥
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) November 19, 2026
राहुल गांधी ने उस सवाल का भी जवाब दिया है, जिसमें यह पूछा जाता है कि BJP-EC की कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विपक्ष चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं कर देता? राहुल गांधी ने कहा, ऐसा करने से देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा.
अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में बुधवार को छात्रों के साथ संवाद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारे लिए भारत का लोकतंत्र सबसे पवित्र है. जिस दिन विपक्ष ने चुनाव लड़ना छोड़ा, उस दिन जनता का लोकतंत्र से भरोसा ही उठ जाएगा और BJP यही चाहती है. हम ये भरोसा टूटने नहीं देंगे. हम हर चोट सहेंगे, हर वोट के लिए लड़ेंगे, हर सच देश के सामने रखेंगे. ये लड़ाई सत्ता की नहीं, संविधान की है – इसकी रक्षा में हम मैदान में थे, हैं और रहेंगे.’
बार-बार ये सवाल आता है – BJP-EC की वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं कर देता? जवाब साफ़ है: हमारे लिए भारत का लोकतंत्र सबसे पवित्र है। जिस दिन विपक्ष ने चुनाव लड़ना छोड़ा, उस दिन जनता का लोकतंत्र से भरोसा ही उठ जाएगा – और BJP यही चाहती है। हम ये भरोसा टूटने नहीं देंगे। हम हर चोट सहेंगे, हर वोट के लिए लड़ेंगे, हर सच देश के सामने रखेंगे। ये लड़ाई सत्ता की नहीं, संविधान की है – इसकी रक्षा में हम मैदान में थे, हैं और रहेंगे।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 19, 2026
उधर, बीजेपी ने विदेशी धरती से ‘वोट चोरी’ के आरोप दोहराने को लेकर राहुल गांधी पर भारत-विरोधी दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि ‘कांग्रेस और विपक्ष की रणनीति यह है कि जो कुछ हो रहा है उसे सबके सामने लाया जाए और तब तक ‘पीड़ा झेली जाए’ जब तक कि भारत के लोगों को यह एहसास न हो जाए कि ‘व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है.’
राहुल गांधी के बयानों को लेकर भाजपा ने आरोप लगाया कि वह विदेशी धरती से देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने विदेश यात्राओं के दौरान भारत के बारे में गलत बातें कही हैं.
भारत में लोकतंत्र की कमी और वोट चोरी के आरोपों पर रिजिजू ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर देश में लोकतांत्रिक आजादी नहीं है, तो विपक्ष विरोध प्रदर्शन कैसे कर सकता है और सरकार की आलोचना कैसे कर सकता है?
