Headlines

कभी कुश्ती का मैच नहीं हारे, फिल्मों से राजनीति तक में छाए, ऐसी थी ‘टीवी’ के ‘हनुमान’ दारा सिंह की लाइफ


दारा सिंह बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे. जवानी के दिनों में कुश्ती करने वाले दारा सिंह ने उसी दौर में फिल्मी दुनिया में भी कदम रख दिए थे. बॉलीवुड और कुश्ती की दुनिया में पहचान बनाने के बाद वो छोटे पर्दे पर सीरियल ‘रामायण’ में भगवान हनुमान जी के किरदार से घर-घर में काफी लोकप्रिय हुए. जबकि बाद में राजनीति में भी छाप छोड़ी. आइए आज उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर उनकी कुछ खास और दिलचस्प बातें जानते हैं.

कभी कोई कुश्ती का मैच नहीं हारे

दारा सिंह का जन्म 19 नवंबर 1928 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था. आज उनकी 98वीं बर्थ एनिवर्सरी है. दिवंगत एक्टर का असली नाम दीदार सिंह रंधावा था. साल 1947 में उन्होंने सिंगापुर में हरनाम सिंह से कुश्ती की बारीकियां सीखी थीं. 

दारा ने अपने करियर में 500 कुश्ती मुकाबले लड़े थे और एक में भी उन्हें हार नहीं मिली. उनके कुश्ती करियर का अंत साल 1983 में 55 साल की उम्र में हुआ था. दारा सिंह ने ‘रुस्तम-ए-हिंद’, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप और वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप अपने नाम की थी.

26 की उम्र में किया बॉलीवुड डेब्यू

26 साल की उम्र में साल 1952 की फिल्म ‘संगदिल’ से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया. लेकिन, पहचान मिली साल 1962 की फिल्म ‘किंगकांग’ से. बॉलीवुड में उनकी जोड़ी सबसे ज्यादा एक्ट्रेस मुमताज के साथ पसंद की गई. दोनों ने साथ में 16 फिल्में की थीं. दारा सिंह ‘फौलाद’, ‘रुस्तम-ए-हिंद’, ‘मेरा नाम जोकर’, ‘मर्द’, ‘जब वी मेट’ सहित 100 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रहे.

हनुमान जी बनकर घर-घर में हुए मशहूर

दारा सिंह को फिल्मों और कुश्ती से ज्यादा लोकप्रियता छोटे पर्दे के जरिए मिली थी. उन्होंने साल 1987 में आए रामानंद सागर के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान हनुमान जी का किरदार निभाया था. हनुमान जी के रोल में उन्हें दर्शकों ने काफी प्यार दिया जिससे वो घर-घर में पहचान बनाने में कामयाब हुए.

बीजेपी के राज्यसभा सांसद भी रहे

दारा सिंह ने कुश्ती, टीवी और बॉलीवुड में सफलता हासिल करने के बाद राजनीति का रुख किया था. वो भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे. दारा सिंह को भाजपा ने 2003 से 2009 तक के लिए राज्यसभा के लिए मनोनीत किया था. दारा सिंह ने 12 जुलाई 2012 को 84 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *