Headlines

दिल्ली में कचरा जलाने पर लगेगा जुर्माना, मैरिज हॉल के लिए भी फाइन तय


दिल्ली में अब कचरा फैलाना, खुले में कूड़ा जलाना या गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग नहीं करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है. दिल्ली नगर निगम (MCD) ने ठोस कचरा प्रबंधन उपनियम, 2026 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए जुर्माने की नई दरें तय की हैं. इसके तहत 500 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा. खुले में कचरा जलाने पर 10 हजार रुपये और पैकेजिंग कचरे को वापस इकट्ठा करने की व्यवस्था नहीं करने वाले निर्माताओं पर 1.5 लाख रुपये तक का जुर्माना लगेगा.

MCD की स्थायी समिति ने गुरुवार को इन नए उपनियमों को मंजूरी दे दी. इन नियमों का मकसद दिल्ली में कचरे के सही प्रबंधन को बढ़ावा देना और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है. नए नियमों में आम लोगों से लेकर होटल, रेस्तरां, औद्योगिक इकाइयों, बाजारों और बड़े कचरा उत्पादकों तक की जिम्मेदारी तय की गई है.

दिल्ली में सर्दी शुरू होते ही जहरीली हुई हवा, राजधानी में 369 तक पहुंचा AQI

घरों में कचरा अलग-अलग नहीं किया तो लगेगा 500 रुपये जुर्माना

नए नियमों के मुताबिक, अब घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना जरूरी होगा. अगर कोई आवासीय परिसर कचरे को अलग-अलग करने, सही तरीके से रखने और निर्धारित व्यवस्था के तहत निगम को सौंपने में लापरवाही करता है तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

इसके अलावा सैनिटरी कचरे, विशेष देखभाल वाले कचरे और बागवानी से निकलने वाले कचरे का सही प्रबंधन नहीं करने पर भी जुर्माना देना होगा. आवासीय परिसरों के लिए यह रकम 500 रुपये और गैर-आवासीय परिसरों के लिए 1,000 रुपये तय की गई है.

खुले में कचरा जलाने पर 10 हजार

दिल्ली में खुले में कचरा जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए MCD ने सख्त कदम उठाया है. नए उपनियमों के तहत खुले में ठोस कचरा जलाते पकड़े जाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों को 1,000 रुपये देने होंगे.

सड़क किनारे सामान बेचने वाले दुकानदारों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. अगर कोई दुकानदार अपनी गतिविधियों से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन नहीं करता है तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगेगा. इसके अलावा कूड़ा फैलाते पाए जाने वाले मालवाहक वाहनों के चालक या मालिक से 5,000 रुपये वसूले जाएंगे.

मैरिज हॉल और क्लब के लिए भी तय हुई जुर्माने की रकम

नए नियमों में मैरिज हॉल, पार्टी हॉल, क्लब और सिनेमा हॉल जैसी जगहों को भी शामिल किया गया है. 5,000 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल वाले मैरिज हॉल, पार्टी हॉल, फेस्टिवल हॉल, पार्टी लॉन और प्रदर्शनी स्थलों पर कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन नहीं करने पर 15,000 रुपये का जुर्माना लगेगा.

इसी क्षेत्रफल की श्रेणी में आने वाले क्लब, सिनेमा हॉल, पब, सामुदायिक हॉल और मल्टीप्लेक्स के लिए यह जुर्माना 7,500 रुपये तय किया गया है. अन्य गैर-आवासीय प्रतिष्ठानों पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए जुर्माने की रकम काफी ज्यादा रखी गई है. अगर होटल कचरे के उचित प्रबंधन से जुड़े नियमों का पालन नहीं करते हैं तो उन्हें 75,000 रुपये का जुर्माना देना होगा. वहीं, रेस्तरां के लिए यह रकम 30,000 रुपये तय की गई है.

रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और गेटेड सोसाइटी पर 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकेगा. मार्केट एसोसिएशन और संस्थानों के लिए यह रकम 30,000 रुपये होगी. इन श्रेणियों में जुर्माना महीने में केवल एक बार लगाया जाएगा.

निर्माताओं पर सबसे ज्यादा 1.5 लाख रुपये की पेनल्टी

नए उपनियमों में निर्माताओं और ब्रांड मालिकों के लिए भी सख्त प्रावधान किए गए हैं. डिस्पोजेबल उत्पाद बेचने वाले निर्माता और ब्रांड मालिक अगर पैकेजिंग कचरे को वापस इकट्ठा करने की व्यवस्था नहीं करते हैं तो उन पर 1.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है. निर्धारित दूसरे उपायों का पालन नहीं करने पर 75,000 रुपये की पेनल्टी लगेगी.

वहीं, अपनी ईंधन की जरूरत रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (RDF) से पूरी करने में विफल रहने वाली औद्योगिक इकाइयों पर भी 1.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. बड़े कचरा उत्पादकों को भी उपनियमों के तहत पंजीकरण कराना और अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी. ऐसा नहीं करने पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगेगा.

दिल्ली हाईकोर्ट दहेज हत्या पर सख्त, कहा- ‘बहुओं की जान लेना सामूहिक शर्मिंदगी’

हर साल 5 प्रतिशत बढ़ेगा जुर्माना

MCD के नए नियमों में जुर्माने की रकम को स्थायी नहीं रखा गया है. इसमें हर साल 1 जनवरी से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. यानी आने वाले वर्षों में नियमों का उल्लंघन करने पर लोगों और संस्थानों को पहले से ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है.

बार-बार नियम तोड़ने वालों पर हर बार जुर्माना लगाया जा सकेगा. उल्लंघन किस तरह का है, इसके आधार पर जुर्माना रोजाना या मासिक आधार पर भी तय होगा. ऐसे में दिल्ली के लोगों और कारोबारियों को अब कचरे के निपटारे को लेकर ज्यादा सतर्क रहना होगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *