साउथ अमेरिकी देश पेरू के कारहुआमायो से 9 किमी उत्तर-पूर्व में भीषण भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. स्थानीय समयानुसार भूकंप शुक्रवार शाम को आया और इसके झटके राजधानी लीमा तक महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई है.
राजधानी लीमा में लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए. पेरू के जियोफिजिक्स इंस्टीट्यूट के अनुसार यह भूकंप एंडियन क्षेत्र के जुनिन में जमीन से 129 किलोमीटर की गहराई पर आया. जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.8 मैग्नीट्यूड थी. अधिकारियों ने अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं दी है.
सुनामी का खतरा नहीं
सुनामी को लेकर भी कोई खतरा नहीं बताया गया है. लीमा में सांसदों को कांग्रेस से बाहर निकलते देखा गया. अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने भूकंप की तीव्रता 6.7 बताई है. अमेरिका के राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने पुष्टि की है कि कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन, ब्रिटिश कोलंबिया या अलास्का में सुनामी का कोई खतरा नहीं है.
अधिकारियों के मुताबिक पुकाल्पा में कुछ सेकंड तक चलने वाले इस तरह के झटके महसूस होना कोई बहुत असामान्य बात नहीं है. एक टीवी चैनल में समाचार प्रसारण के दौरान वहां मौजूद सभी कर्मचारी काफी डर गए थे, क्योंकि इस इलाके में ऐसी प्राकृतिक घटनाएं कम ही देखने को मिलती हैं. हालांकि, अब शहर में स्थिति सामान्य हो गई है.
पेरू में फिलहाल अलर्ट
कईं दुकानों से लोग डर के कारण बाहर निकल आए और कुछ निजी स्वास्थ्य केंद्रों के लोग जिनमें मेडिकल स्टाफ भी शामिल है, किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए सड़कों पर आ गए. ध्यान देने वाली बात यह है कि अल नीनो के कारण पेरू में फिलहाल अलर्ट जारी है, और ऐसी ही घटनाओं की आशंका पहले से जताई गई थी. ऐसी स्थितियों के लिए तैयार रहने के मकसद से पहले भी कई बार मॉक ड्रिल (अभ्यास) किए जा चुके हैं, जिनमें से सबसे हालिया ड्रिल दो सप्ताह पहले ‘जिरोन ज़वाला’ (Jirón Zavala) में आयोजित की गई थी.
ये भी पढ़ें
‘राफेल को लेकर ब्रिटिश मैगजीन की रिपोर्ट गलत’, वायु सेना के पूर्व अधिकारी ने लताड़ा
