Headlines

अखिलेश के अयोध्या दौरे का परमहंस आचार्य ने किया स्वागत, राहुल-सोनिया को भी दिया न्योता


अयोध्या में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्तावित राम मंदिर दर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम सबके हैं और उनके दरबार में आने वाले किसी भी व्यक्ति का विरोध नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव पहले राम मंदिर नहीं आए, तब भी सवाल उठाए गए और अब जब वह मंदिर आ रहे हैं, तब भी कुछ लोगों को परेशानी हो रही है. ऐसा नहीं होना चाहिए.

जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की यह पावन जन्मभूमि है और यह बहुत ही अच्छी बात है. यह हमेशा से संघ और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का प्रयास रहा है कि भगवान सबके हैं और सभी को भगवान के आदर्शों का पालन करना चाहिए. जब राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, उस समय पक्ष और विपक्ष के सभी नेताओं को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से सादर निमंत्रण दिया गया था. जब ट्रस्ट के ट्रस्टियों ने अखिलेश यादव को निमंत्रण दिया था, उस समय उनके पास समय नहीं था. अब जब वह राम मंदिर आ रहे हैं, तो इसका विरोध करने का कोई औचित्य नहीं है.”

राधे-राधे नारे पर सपा से भिड़े यूपी के दोनों डिप्टी CM, अखिलेश को सुनाई खरी-खरी

परमहंस आचार्य ने मुलायम सिंह यादव पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भाजपा से भी सवाल किया. उन्होंने कहा, “पहली बात तो यह है कि अगर मुलायम सिंह यादव ने गोलियां चलवाई थीं, तो उन्हें देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान किसने दिया? भाजपा ने दिया. सबसे पहले तो यह सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए. उस समय किसी ने विरोध नहीं किया. जब आपने उन्हें देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान दे दिया, तो फिर आप किस मुंह से उन पर आरोप लगा सकते हैं?”

उन्होंने आगे कहा, “दूसरी बात यह है कि अगर गोलियां मुलायम सिंह यादव ने चलवाई थीं, तो उसके लिए अखिलेश यादव माफी क्यों मांगेंगे? लोगों को मुलायम सिंह यादव से जाकर कहना चाहिए कि उन्होंने गोलियां चलवाई थीं, इसलिए माफी मांगें. उसके बाद ही उनका बेटा राम मंदिर जाएगा.”

भगवान की शरण में आने वाले को नहीं ठुकराना चाहिए- जगद्गुरु 

जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा, “अगर हम शास्त्रीय दृष्टि से देखें, तो कहा गया है, “शरण गए प्रभु ताहु न त्यागा, विश्वद्रोह कृत अघ जेहि लागा.” इसका अर्थ है कि संपूर्ण विश्व का द्रोही भी अगर भगवान की शरण में जाता है, तो भगवान उसे नहीं त्यागते, बल्कि आशीर्वाद देते हैं. आखिरकार, इंसान सुधरने के लिए भगवान के पास ही तो जाएगा.”

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश का जिक्र करते हुए कहा, “भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि अत्यंत दुराचारी व्यक्ति भी अगर अनन्य भाव से मेरी शरण में आता है, तो उसे साधु मानना चाहिए, क्योंकि उसने बुराई का रास्ता छोड़कर अच्छाई की ओर बढ़ने का निश्चय कर लिया है. इसी बात को स्वामी विवेकानंद जी ने “तमसो मा ज्योतिर्गमय” के माध्यम से समझाया है. इसका अर्थ है कि अंधकार से प्रकाश की ओर चलो, बुराइयों से अच्छाइयों की ओर बढ़ो.”

परमहंस आचार्य ने संघ की घर वापसी की विचारधारा का उदाहरण देते हुए कहा, “इसी विचार के तहत संघ घर वापसी की बात करता है. घर वापसी का अर्थ है कि जो सनातनी भटककर अन्य मत-मजहबों में चले गए हैं, अगर वे वापस आना चाहते हैं और अपने जीवन में सुधार करना चाहते हैं, तो संघ उनकी घर वापसी करा रहा है. चाहे कोई कितना भी भटका हुआ क्यों न हो, अगर वह सुधरना चाहता है, तो उसका स्वागत होना चाहिए.”

अखिलेश यादव के समर्थकों की तैयारी को लेकर जताई चिंता

जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने अयोध्या में अखिलेश यादव के दौरे को लेकर संभावित तनाव पर भी बात की. उन्होंने कहा, “मुझे जब से कुछ लोगों के इस बयान की जानकारी मिली है कि वे अखिलेश यादव को अयोध्या में घुसने नहीं देंगे, तब से मुझे सूचना मिली है कि अखिलेश यादव के समर्थक अयोध्या से सटे 10-15 जिलों में तैयारी कर रहे हैं. वे लाठी-डंडों में तेल लगाना शुरू कर चुके हैं. उनका प्रयास है कि अखिलेश यादव जी का कोई अपमान न कर पाए.”

राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी राम मंदिर आने का दिया न्योता

परमहंस आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक पार्टी या विचारधारा के नहीं हैं. उन्होंने कहा, “राम सबके हैं और कोई भी व्यक्ति राम मंदिर में आ सकता है. मैं तो कहता हूं कि अगर राहुल गांधी जी भी आते हैं, तो यह अच्छी बात है. सोनिया गांधी जी आएं, प्रियंका गांधी जी आएं या कोई भी आए, सभी को भगवान श्रीराम की शरण में आना चाहिए और उनके आदर्शों पर चलना चाहिए. तभी रामराज्य की स्थापना हो सकती है.”

यूपी के 75 जिलों में आज शाम 6 बजे होगा ब्लैकआउट, सायरन की आवाज सुनकर न हों परेशान!

उन्होंने खुद का परिचय देते हुए कहा, “मैं तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य हूं. तपस्वी छावनी अयोध्या धाम की सबसे पुरानी और प्राचीनतम छावनियों में से एक है. मैं एक पीठाधीश्वर, संत और जिम्मेदार नागरिक की हैसियत से समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी के राम दर्शन के इस कार्यक्रम की सराहना करता हूं और उन्हें आशीर्वाद देता हूं.”

अंत में उन्होंने कहा, “इसलिए भगवान श्रीराम को राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए. धार्मिक दृष्टि से देखें, तो भगवान की शरण में आने से व्यक्ति के पापों का भी प्रायश्चित हो सकता है. भगवान की शरणागति सभी के लिए खुली है और किसी को भी इससे वंचित नहीं किया जाना चाहिए.”





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *