बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन आज यानी 22 नवंबर को अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर उनके फैंस को एक बड़ा सरप्राइज मिला है. दरअसल, कार्तिक ने अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है, जिसका नाम ‘कालिया’ है. ये एक मॉन्स्टर थ्रिलर फिल्म होगी, जिसे करण जौहर प्रोड्यूस कर रहे हैं.
करण जौहर और कार्तिक आर्यन फिर आए साथ
‘कालिया’ को धर्मा प्रोडक्शंस और डोपामाइन स्टूडियोज के बैनर तले बनाया जा रहा है. करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमन मिश्रा और मारीके डी सूजा इस फिल्म के प्रोड्यूसर्स हैं, जबकि कार्तिक आर्यन इसके को-प्रोड्यूसर हैं. फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है. ये 5 मई, 2028 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
इस फिल्म का निर्देशन संदीप मोदी करेंगे. बतौर निर्देशक ये उनकी पहली हिंदी थिएट्रिकल फिल्म होगी. इससे पहले वो ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी पॉपुलर वेब सीरीज का निर्देशन कर चुके हैं. इन सीरीज में उनके काम को काफी सराहना मिली थी.
करण जौहर ने किया फिल्म का ऐलान
फिल्म का डरावना अनाउंसमेंट वीडियो शेयर करते हुए करण जौहर ने लिखा, ‘श्रीकृष्ण ने इसे दूर भेज दिया था. हम इंसानों ने इसे वापस बुला लिया.’
‘कालिया’ की कहानी भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं पर आधारित होगी. फिल्म में देश के ग्रामीण इलाकों में प्रचलित कहानियों और मान्यताओं को दिखाया जाएगा. इस फिल्म के साथ धर्मा प्रोडक्शंस पहली बार मॉन्स्टर थ्रिलर के जॉनर में कदम रखने जा रहा है.
‘नागजिला’ में इच्छाधारी नाग बनेंगे कार्तिक आर्यन
कार्तिक आर्यन के पास करण जौहर की फिल्म ‘नागजिला’ भी है. मृगदीप सिंह लांबा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में कार्तिक एक इच्छाधारी नाग के किरदार में नजर आएंगे. उनके किरदार का नाम प्रियमवदेश्वर प्यारे चंद है. फिल्म में भारतीय लोककथाओं, फैंटेसी और कॉमेडी का तड़का देखने को मिलेगा.
इस फिल्म में कार्तिक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे. धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं. ‘नागजिला’ 12 फरवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
कार्तिक आर्यन की अपकमिंग फिल्म
कार्तिक आर्यन के पास अनुराग बसु की एक अनटाइटल्ड फिल्म भी है. इस फिल्म के जरिए कार्तिक पहली बार अनुराग बसु के साथ काम करने जा रहे हैं. ये एक म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म है, जिसमें उनके साथ श्रीलीला नजर आएंगी. ये फिल्म 30 अप्रैल 2027 को रिलीज होगी.
