Headlines

‘कमल मुरझा गया है…’, BJP के राधे-राधे वाले स्लोगन पर बोले अखिलेश यादव


समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने नेताजी के विचारों और उनके राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव जिस रास्ते को दिखाकर गए हैं, समाजवादी पार्टी उसी रास्ते पर चलकर समाज और प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम करेगी.

इसके साथ ही अखिलेश ने बीजेपी के राधे-राधे कमल खिला दे वाले स्लोगन पर पर कहा कि कमल मुरझा गया है इसलिए कह रहे हैं राधे-राधे कमल खिला दे. वहीं धीरेंद्र शास्त्री पर अखिलेश ने कहा कि पठानकोट जा रहे हैं, मैं कह रहा हूं कि 10 किमी और आगे चले जाएं वहां से और साथ में भारत का झंड़ा भी लेकर जाएं.

सपा चीफ अखिलेश ने कहा कि नेताजी का व्यवहार ऐसा था कि वे किसी के बुरे वक्त में उसका साथ नहीं छोड़ते थे, उनके पास जो भी मदद की उम्मीद लेकर आता था, नेताजी उसकी यथासंभव सहायता करते थे और लोगों को जोड़कर चलते थे.

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी नेताजी की समाजवादी विचारधारा और सबको साथ लेकर चलने के सिद्धांत पर काम करेगी. उन्होंने बच्चों को लैपटॉप देने और उन्हें सम्मान देने की नेताजी की परंपरा का भी जिक्र किया. अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी. केजीएमयू के डॉक्टरों की मांग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर पीजीआई की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं. दोबारा सरकार बनने पर भी डॉक्टरों को सुविधाएं दी जाएंगी और पीएचसी-सीएचसी के डॉक्टरों की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाएगा.

कुछ लोगों ने वेलनेस सिटी नहीं, खुद को ठीक कर लिया- अखिलेश यादव

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “कुछ लोगों के हाथ में विकास की रेखा तो दिखती है, लेकिन कुछ लोगों के हाथ में विनाश के साथ-साथ दूसरी रेखा भी है.” उन्होंने कहा कि सुना था कि कोई वेलनेस सिटी बनने वाली थी, लेकिन वह तो नहीं बनी, कुछ लोगों ने खुद को जरूर ठीक कर लिया. सरकार की ओर से टैबलेट को लेकर किए जा रहे प्रचार पर भी उन्होंने सवाल उठाए. अखिलेश ने कहा कि सरकार के लोग कह रहे हैं कि सेल्फी लो, लेकिन टैबलेट हड़प्पा के जमाने का है, ऐसे में सेल्फी कैसे लेंगे?

उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की सलाह देते हुए कहा कि जो व्यक्ति जीवन में एक बार लक्ष्य बना लेता है, उसे हासिल करने के लिए मेहनत के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं होता. अखिलेश ने कहा कि सरकार को केवल नारे नहीं लगाने चाहिए, बल्कि आज के समय के हिसाब से टेक्नोलॉजी की पढ़ाई और भाषा पर भी ध्यान देना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो कैबिनेट में PDA के लोग भी पहुंचेंगे.

गोरखपुर हादसे और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गोरखपुर में हाथी की मौत से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि हाथी को टक्कर मारकर मार दिया गया, अब धारा 302 किस पर लगाएंगे? उन्होंने प्रदेश में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों को लेकर भी चिंता जताई. अखिलेश ने दावा किया कि भारत सड़क हादसों के मामले में 170 देशों से आगे है और उत्तर प्रदेश में एक साल में सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का आंकड़ा 82 प्रतिशत बढ़ा है. उन्होंने सवाल किया कि हादसों में लोगों की जान जाने के लिए कौन जिम्मेदार है.

सपा प्रमुख ने कुछ दिन पहले जान गंवाने वाले एक सिपाही का भी जिक्र किया और कहा कि पार्टी की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल भेजा जाएगा. उन्होंने बीजेपी नेताओं के काफिले से जुड़े हादसों में जान गंवाने वालों के आंकड़ों पर भी सवाल उठाए.

मुख्यमंत्री खुद भड़का रहे हैं, पीड़ित परिवार के साथ भेदभाव हुआ- अखिलेश

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुए हादसे में बच्चे की मौत को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी. अखिलेश ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुद इस मामले में भड़का रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक बच्चे का परिवार PDA से जुड़ा था और उसे मिलने वाली मदद में भेदभाव किया गया. अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के लोग घबराए हुए हैं और इस बार चुनाव हार रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में बीजेपी का सूपड़ा साफ होने जा रहा है.

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बुनकरों को सुविधाएं दी जाएंगी. इसके साथ ही जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में बंद करके दूसरे स्कूलों से अटैच किए गए स्कूलों को दोबारा शुरू कराने का भी ऐलान किया. इस मौके पर उन्होंने अभिनव स्कूल के बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए.

शिवपाल यादव बोले- नेताजी के सपनों को पूरा करने का संकल्प लें

इस कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने भी मुलायम सिंह यादव को याद किया. उन्होंने कहा कि नेताजी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क के क्षेत्र में काफी काम किया था. उनका हमेशा कहना था कि गांव, किसान, गरीब और बेसहारा लोगों को कभी नहीं भूलना चाहिए. शिवपाल ने कहा कि नेताजी से सभी को बहुत कुछ सीखने को मिला और उनके न रहने का दुख हमेशा रहेगा. शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करने की अपील की. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *