जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की तहसील के थथा गनोटे गांव में रविवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एक ही परिवार के चार रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए. इस हादसे में घरों के अंदर रखा घरेलू सामान और अन्य संपत्ति भी पूरी तरह नष्ट हो गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.
आग की चपेट से चारों मकान और सारा घरेलू सामान नष्ट
जानकारी के मुताबिक, आग रविवार सुबह करीब 6:30 बजे लगी. उस समय पूरा गांव सो रहा था. जब तक ग्रामीणों की नींद खुली और उन्हें आग लगने की जानकारी मिली, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. स्थानीय लोगों और प्रशासन के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही आग तेजी से आसपास फैल गई और चार मकानों को अपनी चपेट में ले लिया.
पुलिस के अनुसार, आग से प्रभावित मकान थथा गनोटे निवासी बशीर अहमद पुत्र इलम दीन, फिरदौस अहमद पुत्र बशीर अहमद, मोहम्मद इसराइल पुत्र इलम दीन और इम्तियाज अहमद पुत्र बशीर अहमद के थे. चश्मदीदों ने एबीपी न्यूज को बताया कि आग की चपेट में आने से चारों मकान पूरी तरह जल गए और उनमें रखा सारा घरेलू सामान और संपत्ति नष्ट हो गई.
जम्मू-कश्मीर में पेपर लीक और सड़े मांस के घोटाले पर भड़के मीरवाइज, सरकार को घेरा
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
गांव में भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. वहीं, रामबन जिले के एसएसपी और जिलाधिकारी (डीएम) ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया है. फिलहाल आग लगने के कारणों और घटना में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
