नितेश तिवारी निर्देशित ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्म कर रही है. स्टार कास्ट की एक्टिंग के अलावा, फिल्म के म्यूजिक की भी काफी चर्चा हो रही है. इसके साउंडट्रैक के लिए, निर्माताओं ने ऑस्कर विनिंग कंपोजर ए.आर. रहमान और हंस ज़िमर को एक साथ जोड़ा था. वहीं अब ए आर रहमान ने बताया है कि उन्होंने ‘रामायण’ के म्यूजिक पर पूरा ध्यान देने के लिए 10-12 फिल्मों के ऑफर ठुकरा दिए थे.
ऑस्कर विनिंग कंपोजर ने बताया कि उन्होंने रणबीर कपूर की इस फिल्म पर काम करने में लगभग तीन साल बिताए. फिल्म के कुछ गानों के तो एक दर्जन से भी ज्यादा वर्ज़न तैयार किए गए, तब जाकर टीम ने उन्हें मंजूरी दी.
‘रावण तांडव’ के तैयार किए गए थे 12-13 वर्जन
ए आर रहमान ने रविवार को ‘इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ में ‘रामायण’ के लिए म्यूजिक तैयार करने के अपने एक्सपीरियंस के बारे में बात की. उन्होंने कहा, “हम पिछले तीन सालों से ‘रामायण’ के लिए म्यूजिक, थीम और बाकी चीजें तैयार कर रहे हैं. इनमें से कुछ के तो 12-13 वर्जन तक बन गए हैं. ‘रावण तांडव’ के भी 12-13 वर्जन थे, और आखिरकार हमें एक ऐसा वर्जन मिल ही गया जो सबको पसंद आया.”
‘रामायण’ के लिए ठुकराए बड़े फिल्म मेकर्स की फिल्मों के ऑफर
उन्होंने ‘रामायण’ पर ध्यान देने के लिए कई प्रोजेक्ट्स को ठुकराने के बारे में भी बात की और कहा, “यह सफर बहुत खूबसूरत था. ‘रामायण’ के लिए मैंने लगभग 10-12 फिल्में छोड़ दीं, ताकि मैं पूरी तरह से इसी काम में डूबा रह सकूं. मैंने कई बड़े और अहम फिल्म निर्माताओं के साथ काम करने से मना कर दिया. और मुझे इस बात पर गर्व है. मुझे लगता है कि मुझे इसमें मजा आता है. मैं कोई प्रोजेक्ट तभी कबूलता हूं जब वह मुझे सच में पसंद आए और मुझे उसमें मजा आए. इससे मेरी आर्टिस्टिक समझ निखरती है, और मेरी पूरी टीम भी एक्साइटेड हो जाती है.”
‘रामायण’ के म्यूजिक के बारे में
‘रामायण पार्ट 1’ के साउंडट्रैक में ‘जय जय राम’ (जिसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है), ‘रावण तांडव’ (जिसमें विशाल ददलानी की आवाज है) और ‘सीताज एस्पिरेशन’ (जिसमें ए.आर. अमीन, वैशाली सामंत, रक्षिता सुरेश और अंतरा नंदी ने आवाज दी है) जैसे गाने शामिल हैं. इसके बोल कवि कुमार विश्वास ने लिखे हैं. इस एल्बम में ‘जय जय राम’ का एक ऑर्केस्ट्रल वर्जन और ‘रामा थीम’ भी शामिल है, जिसे रहमान और जिमर ने मिलकर कंपोज किया है.
