Headlines

बहरीन में वर्ल्ड पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए तैयार भारतीय टीम, मिला सम्मान


बहरीन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम ने तैयारी कर ली है.टीम के सम्मान में नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित द लीला पैलेस में विदाई समारोह आयोजित किया गया. 

भारतीय पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी इस एलीट वर्ल्ड चैंपियनशिप के 12वें संस्करण में, जो कि 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक बहरीन के अमवाज स्थित द आर्ट होटल एंड रिजॉर्ट में आयोजित होने वाली है, में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे. इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के शीर्ष पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह अपनी प्रतिभा, क्षमता, मेहनत और अदम्य इच्छाशक्ति को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है.

भारतीय टीम में 18 खिलाड़ी

इस बार बहरीन जाने वाले भारतीय दल में 18 खिलाड़ी शामिल हैं. भारतीय पैरा पावरलिफ्टिंग के अध्यक्ष जेपी सिंह के अनुसार, भारतीय टीम का लक्ष्य 5 से 6 पदक जीतना है. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के कांस्य पदक विजेता झंडू कुमार और अशोक कुमार मलिक भारतीय दल के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं.

‘आईएएनएस’ के साथ खास बातचीत करते हुए झंडू ने कहा, “एक खिलाड़ी का उत्साह होता है कि वो अपने प्रधानमंत्री से मिले और उनसे प्रेरणा लें. हमारी भारत सरकार बहुत मददगार है और वह खिलाड़ियों की काफी मदद कर रही है. हमारे पीसीआई हैं और जो हमारे चेयरमैन हैं, जेपी सिंह, वो भी पैरा पावरलिफ्टिंग को आगे बढ़ाने में काफी मदद कर रहे हैं. आज फिर से बहुत खुशी का पल है कि हम अपने भारत का झंडा लहराने के लिए फिर से जा रहे हैं.”

ये खिलाड़ी केवल पदक जीतने के लिए मैदान में नहीं उतरेंगे बल्कि अपने संघर्ष, आत्मविश्वास और कभी हार न मानने वाले जज़्बे से पूरे देश को प्रेरित करने के लिए भी तैयार हैं. इनकी उपलब्धियां साबित करती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती.

इस अवसर पर लूनैप प्रोफेशनल की सुप्रिया सिंह ने भी भारतीय खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और समर्थन में सहयोगी भागीदारी निभाई है. पूरा देश भारतीय दल की सफलता की कामना कर रहा है. देश को उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का गौरव बढ़ाएंगे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *