Headlines

Baby Massage Oil: न्यू बॉर्न बेबी की मालिश के लिए कौन-सा तेल सही, क्या इस्तेमाल करते हैं डॉक्टर्स?


Coconut Vs Mustard Oil For Baby: घर में न्यू बॉर्न बेबी के आने के बाद माता-पिता के सामने कई छोटी-बड़ी चीजों को लेकर सवाल होते हैं. इनमें से एक सवाल बच्चे की मालिश को लेकर भी रहता है. भारत में नवजात बच्चों की तेल मालिश लंबे समय से परिवारों की रोजमर्रा की देखभाल का हिस्सा रही है. दादी-नानी के समय से चली आ रही इस परंपरा का अपना महत्व है, लेकिन नवजात की नाजुक त्वचा को देखते हुए तेल चुनते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है.

सही तरीके से और हल्के हाथों से की गई मालिश बच्चे के साथ बॉन्डिंग बढ़ाने में मदद कर सकती है. मालिश के दौरान बच्चे को मिलने वाला हल्का स्पर्श उसे शांत महसूस करा सकता है. कुछ स्टडी में प्रीमैच्योर बच्चों में मालिश को वजन बढ़ने और नींद के पैटर्न से भी जोड़ा गया है. 

नारियल तेल से कर सकते हैं बच्चे की मालिश

Apollopharmacy के अनुसार, भारत में बच्चों की मालिश के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल काफी आम है. यह हल्का तेल है और त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है. हालांकि, नवजात बच्चों पर इसके फायदों को लेकर बहुत ज्यादा मजबूत क्लिनिकल रिसर्च उपलब्ध नहीं है. अगर नारियल तेल इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सादा और बिना खुशबू वाला तेल चुनना बेहतर है. पहली बार इस्तेमाल करने से पहले बच्चे की त्वचा के छोटे हिस्से पर थोड़ा सा तेल लगाकर देख लें. अगर वहां लालिमा या किसी तरह की जलन नजर आए, तो इसका इस्तेमाल न करें.

सरसों तेल से रहें थोड़ा सावधान

भारत के कई हिस्सों में खासकर उत्तर और पूर्वी भारत में बच्चों की मालिश के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल पीढ़ियों से होता आया है. लेकिन नवजात की त्वचा काफी नाजुक होती है और सरसों का तेल कुछ बच्चों की त्वचा में जलन पैदा कर सकता है. इसलिए बहुत छोटे बच्चे पर इसका इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है. सिर्फ इसलिए कि घर में लंबे समय से इसका इस्तेमाल होता आया है, जरूरी नहीं कि हर नवजात की त्वचा के लिए यह सही हो.

तिल और बादाम का तेल भी इस्तेमाल होता है

तिल का तेल भी भारतीय परिवारों में मालिश के लिए काफी समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है. इसमें प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, लेकिन न्यू बॉर्न बेबी की त्वचा पर इसके खास फायदे को लेकर सीमित सबूत हैं. बादाम का तेल भी हल्का प्लांट ऑयल है और कुछ लोग इसे बेबी मसाज के लिए इस्तेमाल करते हैं. लेकिन अगर बच्चे को बादाम से एलर्जी है या डॉक्टर ने नट से जुड़े प्रोडक्ट्स को लेकर सावधानी बरतने को कहा है, तो इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

डॉक्टर्स किन तेलों को ज्यादा पसंद करते हैं?

मेडिकल सेटिंग और कुछ हालिया पीडियाट्रिक गाइडेंस में सनफ्लावर ऑयल और मिनरल ऑयल जैसे विकल्पों पर ज्यादा जानकारी मिलती है. सनफ्लावर ऑयल पर नवजातों की त्वचा को लेकर अन्य कई पारंपरिक तेलों की तुलना में ज्यादा अध्ययन हुए हैं. रिसर्च के मुताबिक, यह त्वचा की सुरक्षा वाली परत को सपोर्ट करने और संवेदनशील त्वचा पर अच्छी तरह सहन होने में मदद कर सकता है.

Baby Massage Oil: न्यू बॉर्न बेबी की मालिश के लिए कौन-सा तेल सही, क्या इस्तेमाल करते हैं डॉक्टर्स?

मिनरल ऑयल यानी लिक्विड पैराफिन त्वचा के ऊपर एक सुरक्षात्मक परत बनाने में मदद करता है, जिससे त्वचा की नमी कम होने से बच सकती है. यह बिना खुशबू वाला होता है और आमतौर पर अच्छी तरह सहन किया जाता है. बेबी मसाज के लिए कोई कमर्शियल प्रोडक्ट खरीद रहे हैं, तो ऐसा तेल चुनें जो खास तौर पर बच्चों के लिए बना हो और जिसमें तेज खुशबू या बेवजह कई तरह के इंग्रीडिएंट्स न हों.

तेल खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

न्यू बॉर्न बेबी के लिए तेल लेते समय सबसे पहले उसका लेबल पढ़ें. बिना खुशबू वाला और सिंपल फॉर्मूले वाला प्रोडक्ट बेहतर विकल्प हो सकता है. किसी भी तेल को पहली बार इस्तेमाल करने से पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर प्रतिक्रिया देखना ठीक रहता है. नवजात की त्वचा पर एसेंशियल ऑयल सीधे नहीं लगाना चाहिए. ये बच्चे की त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं.  अगर बच्चे की त्वचा पर पहले से लाल चकत्ते, घाव, सूजन या किसी तरह की जलन है, तो उस हिस्से पर तेल से मालिश न करें.

बच्चे की मालिश कब और कैसे करें?

मालिश के लिए ऐसा समय चुनें जब बच्चा आराम में हो. दूध पिलाने के तुरंत बाद मालिश न करें. कम से कम 45 मिनट का अंतर रखना बेहतर है. कमरे का तापमान आरामदायक रखें और बच्चे को साफ और मुलायम जगह पर लिटाएं. थोड़ा सा तेल अपनी हथेलियों के बीच लेकर हल्का गर्म करें. शुरुआत पैरों और तलवों से करें. इसके बाद धीरे-धीरे हाथ, छाती और पीठ पर हल्के हाथों से मालिश करें. बच्चे के चेहरे और नाभि के आसपास के हिस्से पर तेल न लगाएं.

मालिश के दौरान बच्चे के संकेतों पर ध्यान देते रहें. अगर बच्चा रोने लगे, शरीर अकड़ने लगे या बार-बार चेहरा दूसरी तरफ करने लगे, तो मालिश रोक दें. इस दौरान बच्चे से धीरे-धीरे बात करना या गाना भी उसके साथ बॉन्डिंग का हिस्सा बन सकता है.

इसे भी पढ़ें: 7 दिन में गोरा बनाने का दावा कितना खतरनाक? क्रीम खरीदते समय रखें ध्यान

किन बच्चों की तेल मालिश नहीं करनी चाहिए?

अगर बच्चे को एक्जिमा या त्वचा से जुड़ी कोई बीमारी है, तो तेल लगाने से पहले डॉक्टर से सलाह लें. खुले घाव, रैश या इंफेक्टेड त्वचा पर तेल न लगाएं. प्रीमैच्योर बच्चों की त्वचा और भी ज्यादा नाजुक होती है, इसलिए ऐसे बच्चों में मालिश और तेल का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह के मुताबिक ही होना चाहिए.

इसे भी पढ़ें: आम लोगों के लिए कितना महंगा हुआ इलाज कराना, किस राज्य में सबसे ज्यादा खर्च?

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *