योग गुरु बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर बड़ा बयान दिया है. एक प्रेस वार्ता में योग गुरु ने कहा कि मैं बहुत आहत था. सनातन को पाखंड से न जोड़ें. सनातन स्वयं में वैज्ञानिक है. रामदेव ने कहा कि भगवान कृष्ण पर बयान से आहत था. भगवान में कोई भेद नहीं है.
रामदेव ने देवी-देवताओं की तुलना और धर्म के नाम पर भेदभाव को लेकर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि भगवान के हजारों नाम हैं और भगवान में किसी तरह का भेदभाव नहीं है. भगवान के नाम पर जाति और धर्म के आधार पर भेद पैदा करना उन्हें बेहद आहत करता है. रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म को पाखंड और ढोंग से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. उनके मुताबिक, सनातन धर्म वैज्ञानिक और सार्वभौमिक है तथा इसका महत्व बहुत व्यापक है.
रामदेव ने कहा कि वे सभी को भगवान के अंश और अवतार के रूप में देखते हैं. उन्होंने चारों शंकराचार्यों, रामानुजाचार्य, गुरु गोविंद सिंह जी और भगवान बुद्ध सहित तमाम महापुरुषों को सनातन परंपरा का गौरव बताया.
योगगुरु स्वामी रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर कहा कि बागेश्वर बाबा उनके लिए बालक, शिष्य और अनुज के समान हैं. उन्होंने कहा कि बड़े होने के नाते उन्होंने अधिकारपूर्वक बागेश्वर बाबा को फटकार लगाई थी, लेकिन उन्होंने उस फटकार को भी प्यार के रूप में स्वीकार किया, जो उनकी महानता है. रामदेव ने कहा कि माता-पिता और बड़ों की जिम्मेदारी होती है कि जब कोई बात हद से आगे बढ़ने लगे तो उसे समझाया जाए.
रामदेव ने कहा कि कि इस मामले में उन्होंने पहले एकांत में भी अपनी बात रखी थी, लेकिन जब विवाद बढ़ने लगा तो उन्हें सार्वजनिक रूप से बोलना पड़ा. साथ ही उन्होंने स्वामी रामदेव और बागेश्वर बाबा के समर्थकों से आपस में नहीं लड़ने की अपील की. रामदेव ने कहा कि अब इस मामले को और तूल नहीं दिया जाना चाहिए.
