Headlines

जोधपुर में इंटरनेशनल साइबर ठगी का खुलासा, हर महीने डेढ़ करोड़ की ठगी, 32 गिरफ्तार


जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बासनी थाना क्षेत्र में संचालित एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर पर दबिश दी. एम्स के सामने एक फैक्ट्री में कॉल सेंटर की आड़ में चल रहे इस साइबर ठगी के कारोबार में पुलिस ने 32 लोगों को गिरफ्तार किया है.

कार्रवाई में 34 लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन और दो लग्जरी वाहन जब्त किए गए हैं. पुलिस के अनुसार इस गिरोह का नेटवर्क अमेरिका तक फैला हुआ था और आरोपी हर महीने करीब सवा से डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी कर रहे थे.

पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया के निर्देश पर कमिश्नरेट स्पेशल टीम प्रभारी मेहराज तंवर के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की. पुलिस को इनपुट मिला था कि बासनी क्षेत्र में कॉल सेंटर की आड़ में विदेशी नागरिकों के साथ साइबर ठगी की जा रही है. इसके बाद टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी, जहां करीब 30 युवक कॉल सेंटर का संचालन करते मिले. जांच और कार्रवाई के दौरान कुल 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

फर्जी Apple मैसेज भेजकर बनाते थे शिकार

पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य निशाना अमेरिका के नागरिक थे. आरोपी बल्क मैसेज के जरिए अमेरिकी नागरिकों के मोबाइल पर Apple कंपनी के नाम से फर्जी संदेश भेजते थे. इन संदेशों में बताया जाता था कि उनके Apple फोन पर अतिरिक्त चार्ज लगाया गया है या किसी तरह की समस्या है. इसके समाधान के लिए दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने को कहा जाता था.

जैसे ही कोई व्यक्ति इन नंबरों पर कॉल करता, उसकी कॉल जोधपुर में संचालित इस फर्जी कॉल सेंटर पर पहुंच जाती थी. यहां बैठे आरोपी खुद को अमेरिकी हेल्पलाइन का प्रतिनिधि बताकर लोगों को विश्वास में लेते और फिर गिफ्ट कार्ड रिडीम करवाने के नाम पर उनसे 400 से 500 डॉलर तक की रकम ऐंठ लेते थे.

चीन के रास्ते क्रिप्टो वॉलेट तक पहुंचता था पैसा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ठगी से प्राप्त रकम सीधे आरोपियों तक नहीं पहुंचती थी. रकम पहले चीन भेजी जाती थी और वहां से अलग-अलग माध्यमों से रूट होकर USDT यानी क्रिप्टोकरेंसी के जरिए आरोपियों तक पहुंचती थी. पुलिस अब इस पूरे मनी ट्रेल, विदेशी हैंडलर्स और क्रिप्टो वॉलेट की जांच कर रही है.

अहमदाबाद के दो आरोपी मुख्य सरगना

पुलिस के अनुसार इस पूरे नेटवर्क के दो मुख्य आरोपी मौलिक पांड्या और हरविजय गोयल हैं, जो अहमदाबाद के रहने वाले हैं. गिरफ्तार 32 लोगों में सात महाराष्ट्र के हैं, जबकि शेष आरोपी नॉर्थ ईस्ट के विभिन्न राज्यों के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन युवकों की भर्ती किस तरह की गई और अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.

हर महीने डेढ़ करोड़ का कारोबार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इस फर्जीवाड़े के जरिए हर महीने करीब सवा से डेढ़ करोड़ रुपए का कारोबार कर रहे थे. यह एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क है, जिसके तार विदेशों में बैठे हैंडलर्स से जुड़े होने की आशंका है. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, लैपटॉप, मोबाइल और जब्त दस्तावेजों की जांच कर रही है.

पुलिस कमिश्नर की आमजन से अपील

पुलिस अधिकारियों ने आमजन को साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है. किसी अनजान नंबर से आए मैसेज, ईमेल या संदिग्ध लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया नहीं दें. किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर गिफ्ट कार्ड, बैंकिंग डिटेल या ओटीपी साझा नहीं करें. किसी भी ऐप या फाइल को बिना सत्यापन डाउनलोड अथवा ओपन नहीं करें.

किसी कंपनी के नाम से संदेश आने पर उसकी आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत हेल्पलाइन से ही संपर्क करें. फिलहाल पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के विदेशी कनेक्शन, चीन में बैठे कथित हैंडलर्स, मनी ट्रांसफर के तरीकों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका को लेकर गहन अनुसंधान कर रही है.

‘अगर CM इस्तीफा नहीं देंगे तो BJP…’, किरोड़ी मीणा के बयान पर बोली कांग्रेस



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *