यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने पहली कैंडिडेट लिस्ट जारी कर दी है. कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी सीटों को लेकर बात कर रही है और अभी कोई नतीजा नहीं निकला है. लेकिन सपा ने उम्मीदवारों की घोषणा करके ये साफ कर दिए हैं कि चुनाव को लेकर उनकी तैयारी पूरी है. पहली लिस्ट में पांच उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है. पांच से से चार मौजूदा विधायक हैं. इनमें सहारनपुर की दो सीटें शामिल हैं. सहारनपुर से इमरान मसूद कांग्रेस के लोकसभा सांसद हैं. सपा ने एक तरह से कांग्रेस को साफ संदेश दे दिया है कि सहारनपुर की सीटों से कोई समझौता नहीं होगा.
सहारनपुर की बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है. शामली की कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन, अमरोहा की अमरोहा विधानसभा से महबूब अली और ललितपुर की ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है. ललितपुर से पिछली बार रमेश कुशवाहा सपा से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे. यहां बीजेपी को जीत मिली थी और रामरतन कुशवाहा विधायक बने थे. इस बार समाजवादी पार्टी ने यहां लोधी और महिला समीकरण पर दांव लगाया है.
- उमर अली खान को पिछले चुनाव में 134513 वोट मिले थे. उमर ने बीजेपी के नरेश सैनी को हराया था.
- आशु मलिक को 107007 वोट मिले थे. आशु ने बीजेपी के जगपाल मलिक को हराया था.
- नाहिद हसन को 131035 वोट मिले थे. उन्होंने बीजेपी की मृगांका सिंह को हराया था.
- महबूब अली को 128735 वोट मिले थे. उन्होंने बीजेपी के राम सिंह को मात दी थी.
अखिलेश यादव का कांग्रेस को ‘संदेश’
उम्मीदवारों की घोषणा के बीच सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में कहा, ”जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों. जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी. आपकी टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें. फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है.”
‘सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो’
अखिलेश यादव ने कांग्रेस को संदेश देते हुए आगे कहा, ”हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में हो. सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देनेवाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें.”
सबको भरोसा है कि PDA ही NDA को हराएगा- अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने आगे कहा, ”जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने ‘पीडीए’ के साथ पूरी तरह सहयोग किया वो सदैव सराहनीय रहेगा क्योंकि उसने ही मिलकर साम्प्रदायिक BJP को धूल चटाई थी. अब इस बार भी हम लोग मिलकर यूपी में और फिर केंद्र में भी बीजेपी को हराएंगे. पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ बीजेपी के खिलाफ लामबंद हो गये हैं क्योंकि उन सबको ये भरोसा है कि PDA ही NDA को हराएगा और पीडीए ही परिवर्तन लाएगा.”
इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं। हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने ‘गठबंधन’ की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी। अतः आपकी टीम की तरफ़ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आँकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतनेवाली सीटों के बारे में भी बताएं जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है। हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देनेवाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें। जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने ‘पीडीए’ के साथ पूरी तरह सहयोग किया वो सदैव सराहनीय रहेगा क्योंकि उसने ही मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी अब इस बार भी हम लोग मिलकर उप्र में और फिर केंद्र में भी भाजपा को हराएंगे। ज़मीनी सर्वेक्षणों से ये बात साफ़ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गाँव तक ये बात पहुँच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है। इसीलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ भाजपा के ख़िलाफ़ लामबंद हो गये हैं क्योंकि उन सबको ये विश्वास है कि ‘PDA ही NDA को हराएगा’ और पीडीए ही परिवर्तन लायेगा। सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बँटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो, हम तो इसे बंटवारा नहीं, ‘सीट समायोजन’ कहना चाहते हैं। कठिन समीकरणवाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे। हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं बल्कि सहमति से तय किये जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफ़र होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे और कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था : बात सीट की नहीं, जीत की है। आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है। नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा। एक-दो लोग ऐसे भी होंगे जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे। भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों, अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा। हर बड़ा नेता अपनी बात का मान ख़ुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा। इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है। देश की जनता ख़ासतौर से किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएँ, छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी, सच्चे अधिकारी, कर्मचारी और संपूर्ण प्रगतिशील-पंथनिरपेक्ष व उत्पीड़ित ‘पीडीए समाज’ आपकी और हमारी तरफ़ बड़ी उम्मीद से देख रहा है। आपसी समायोजन से कोई भूल किये बिना हम देश का नया इतिहास लिखने के कगार पर हैं। हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे, इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उप्र में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी और देश का भविष्य सँवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
सीटों का बंटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से न हो- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग को लेकर कहा, ”सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बंटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो. हम तो इसे बंटवारा नहीं, ‘सीट समायोजन’ कहना चाहते हैं. मुश्किल समीकरण वाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे. हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं बल्कि सहमति से तय किये जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफ़र होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे और कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था कि बात सीट की नहीं, जीत की है.”
आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कांग्रेस को मैसेज देते हुए ये भी कहा कि आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है. नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा. एक-दो लोग ऐसे भी होंगे जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे. भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट अहम है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश होने की जरूरत नहीं है.
जेल में रहते हुए अखिलेश की सपा का सहयोग मिला या नहीं? आजम खान बोले- ‘ये हमारी…’
