दूध को अक्सर संपूर्ण आहार कहा जाता है, क्योंकि इसमें कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन B12 जैसे कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं. यह हड्डियों और दांतों को मजबूत रखने के साथ मांसपेशियों के विकास में भी मदद करता है. हर उम्र में दूध की जरूरत अलग होती है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए इसकी मात्रा एक जैसी नहीं होनी चाहिए. आइए जानते हैं रोजाना दूध पीने के फायदे और उम्र के हिसाब से इसकी सही मात्रा.
रोजाना दूध पीने से शरीर को मिलते हैं ये फायदे
दूध कैल्शियम का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत रखने में मदद करता है. इसमें मौजूद प्रोटीन शरीर की मांसपेशियों के विकास और उनकी मरम्मत में काम आता है. दूध से विटामिन B12 और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व भी मिलते हैं. बच्चों की बढ़ती उम्र में ये पोषक तत्व शरीर के विकास के लिए जरूरी होते हैं. वहीं, बड़े लोगों और बुजुर्गों के लिए भी दूध या दही जैसे डेयरी प्रोडक्ट कैल्शियम और प्रोटीन की जरूरत पूरी करने में मदद करते हैं.
उम्र के हिसाब से कितनी मात्रा में पिएं दूध?
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन की 2024 की गाइडलाइन में उम्र के हिसाब से दूध और दही की मात्रा बताई गई है. इसके अनुसार, 1 से 3 साल के बच्चों के लिए रोज करीब 350 ml, 4 से 6 साल के बच्चों के लिए 350 ml और 7 से 9 साल के बच्चों के लिए 400 ml दूध या दही का सुझाव दिया गया है. 10 से 18 साल के लड़के-लड़कियों के लिए यह मात्रा करीब 400 ml है. वहीं, सामान्य वयस्क पुरुषों और महिलाओं के लिए रोज करीब 300 ml दूध या दही पर्याप्त माना गया है. 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए करीब 400 ml की मात्रा बताई गई है. गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए भी जरूरत के अनुसार मात्रा बढ़ती है. ये मात्रा पूरे दिन के खानपान का हिस्सा है, सिर्फ दूध पीने का नियम नहीं.
यह भी पढ़ें : Medical Treatment Cost: आम लोगों के लिए कितना महंगा हुआ इलाज कराना, किस राज्य में सबसे ज्यादा खर्च?
एक साल से छोटे बच्चों और कुछ लोगों को रखनी चाहिए सावधानी
एक साल से कम उम्र के बच्चों को गाय या भैंस का दूध मुख्य पेय के रूप में नहीं देना चाहिए. शुरुआती छह महीने तक मां का दूध सबसे अच्छा आहार है. इसके बाद मां के दूध के साथ उम्र के अनुसार ऊपरी आहार शुरू किया जाता है. वहीं, कुछ लोगों को दूध पीने के बाद गैस, पेट फूलना या लूजमोशन की समस्या हो जाती है. ऐसा लैक्टोज इनटॉलरेंस के कारण होता है. दूध से एलर्जी होने पर भी इसका सेवन नुकसान पहुंचाता है. ऐसी स्थिति में डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह लें. दूध पीना जरूरी नहीं है, अगर आप दही, पनीर और कैल्शियम वाले दूसरे खाद्य पदार्थों से अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं. सबसे जरूरी है कि आपका पूरा आहार संतुलित हो.
यह भी पढ़ें : Child Bone Health: बच्चों को खिलाएं ये आउटडोर गेम्स, एकदम मजबूत हो जाएंगी हड्डियां
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
