समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के दबाव में चुनाव आयोग तीन करोड़ नए वोट बढ़ाने की तैयारी कर रहा है.
उन्होंने कहा कि एक तरफ ईवीएम को ठीक कराने की तैयारी हो रही है तो दूसरी तरफ फॉर्म-8 भरवाकर मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं. जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा रहे हैं, उनसे बैंक खाते का नंबर भी लिया जा रहा है. सवाल है कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए बैंक खाते की जानकारी की क्या जरूरत है और इसका इस्तेमाल कहां किया जाएगा?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव कराना है, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं. जनता समय पर चुनाव चाहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनावी तैयारी के तहत मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है.
‘गठबंधन में सीटों के तालमेल पर बातचीत’
सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों दलों के वरिष्ठ नेता आपस में बातचीत कर रहे हैं. एक-दूसरे की सीटों और जीतने की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है. अभी सीटों के बंटवारे पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी. गठबंधन का मकसद चुनाव जीतना है. दोनों दल ऐसा तालमेल बनाएंगे, जिससे बीजेपी को हराया जा सके.
प्रधानी चुनाव नहीं कराने पर भी घेरा
पंचायत चुनाव को लेकर अखिलेश ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजेपी को पता है कि वह प्रधानी का चुनाव हारने जा रही है, इसलिए चुनाव समय पर नहीं कराए जा रहे हैं. सरकार के पास महंगाई, बेरोजगारी और निवेश के सवालों का जवाब नहीं है. उन्होंने दावा किया कि जिस दिन चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन बीजेपी की हार तय हो जाएगी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही बीजेपी को हराने जा रही है.
एनडीए के सहयोगियों पर कसा तंज
एनडीए गठबंधन पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी को अपने सहयोगी दलों को भी खुश रखना है. उन्होंने नाव का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी इस तट तो कभी उस तट, पता नहीं नाव किस तट पर खड़ी हो जाए. अतरौलिया सीट को लेकर उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के संग्राम यादव ऐतिहासिक वोटों से जीत दर्ज करेंगे.
