Headlines

Places To Visit In Janakpur: जनकपुर में माता सीता की कौन-कौन सी निशानियां? घूमने जाएं तो जरूर देखें


Mata Sita Temples In Janakpur: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक यात्रा को आसान बनाने वाली नई अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा शुरू हो गई है. अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली इस ट्रेन से अगर आप भारत से जनकपुर जाने का प्लान बना रहे हैं, या आप वैसे भी यहां जानें वाले हैं,  तो चलिए आपको बताते हैं कि यहां आपको क्या- क्या देखने को मिलेगा और कितने दिन में आप जनकपुर घूम सकते हैं, क्या खा सकते हैं और रुकने की व्यवस्था यहां कैसी है. 

अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि के रूप में जाना जाता है, वहीं नेपाल का जनकपुर माता सीता यानी जानकी और उनके पिता राजा जनक से जुड़ा हुआ है. नेपाल के दक्षिणी हिस्से में भारत की सीमा के पास स्थित जनकपुर धार्मिक आस्था के साथ-साथ अपनी पुरानी संस्कृति और मैथिली परंपराओं के लिए भी जाना जाता है.

सबसे पहले देखें जनकी मंदिर

जनकपुर जाने के बाद सबसे खास जगह जनकी मंदिर है. माता सीता को समर्पित यह भव्य मंदिर शहर की पहचान माना जाता है. इसे नौलखा मंदिर भी कहा जाता है. जानकारी के मुताबिक, 1910 में टीकमगढ़ की रानी वृषभानु ने इस मंदिर का निर्माण कराया था और उस समय इसे बनाने में नौ लाख रुपये खर्च हुए थे.

सफेद संगमरमर से बने इस मंदिर में मुगल, राजपूत और मैथिली स्थापत्य शैली की झलक मिलती है. मंदिर तीन मंजिला है और इसमें 60 कमरे हैं. यहां रंगीन कांच, धार्मिक चित्र और नक्काशी भी देखने को मिलती है. मंदिर के गर्भगृह में माता सीता की सोने की प्रतिमा है. शाम की आरती के समय यहां का माहौल खास हो जाता है.

राम-सीता विवाह मंडप भी जरूर जाएं

जनकी मंदिर के बाद राम-सीता विवाह मंडप आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए. यह जनकी मंदिर से थोड़ी दूरी पर है. मान्यता है कि इसी जगह भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ था. रामायण के अनुसार, राजा जनक ने माता सीता के लिए स्वयंवर रखा था. इसमें भगवान राम ने भगवान शिव का धनुष उठाकर उसमें प्रत्यंचा चढ़ाई और माता सीता का हाथ जीता. इसी विवाह की याद में यहां विवाह मंडप बनाया गया है.

मंडप को रंगीन चित्रों, धार्मिक आकृतियों और गुंबदों से सजाया गया है. नवंबर-दिसंबर में होने वाले विवाह पंचमी के दौरान यहां खास आयोजन होते हैं. इस दौरान राम और सीता के विवाह की कथा को जुलूस, संगीत, पूजा और रामलीला के जरिए दोबारा प्रस्तुत किया जाता है.

गंगा सागर का भी है खास महत्व

जनकी मंदिर के पास ही गंगा सागर नाम का पवित्र तालाब है. इससे जुड़ी मान्यता राम और सीता के विवाह के समय की है. कहा जाता है कि विवाह की धार्मिक रस्मों के लिए यहां गंगा का पानी लाया गया था. आज भी यहां पूजा, धार्मिक अनुष्ठान और आरती होती है. छठ और विवाह पंचमी जैसे त्योहारों के दौरान गंगा सागर पर श्रद्धालुओं की खास मौजूदगी रहती है.

Places To Visit In Janakpur: जनकपुर में माता सीता की कौन-कौन सी निशानियां? घूमने जाएं तो जरूर देखें

धनुष सागर और धनुषधाम

अगर आपके पास थोड़ा ज्यादा समय है तो धनुष सागर और धनुषधाम भी देख सकते हैं. धनुष सागर का संबंध भगवान शिव के धनुष से जोड़ा जाता है. वहीं जनकपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर धनुषधाम है. मान्यता है कि भगवान राम के शिव धनुष तोड़ने के बाद उसका एक हिस्सा यहां गिरा था. इसी वजह से यह जगह भी राम और सीता की कहानी से जुड़ी मानी जाती है.

माता सीता के जन्म की कहानी से जुड़ा है जनकपुर

जनकपुर को खास बनाने वाली सबसे बड़ी वजह माता सीता के जन्म से जुड़ी कहानी है. रामायण के अनुसार, राजा जनक एक धार्मिक अनुष्ठान कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने खेत में हल चलाया. हल जमीन में दबे एक सोने के संदूक से टकराया, जिसमें एक बच्ची मिली. राजा जनक ने उस बच्ची को अपनी बेटी के रूप में अपनाया और उसका नाम सीता रखा. इसी कथा के कारण जनकपुर को माता सीता से जुड़ा पवित्र स्थान माना जाता है.

इसे भी पढ़ें : Winter Destinations: नए साल पर बर्फबारी देखने का है प्लान, लिस्ट में जरूर शामिल करें ये जगहें 

सिर्फ मंदिर नहीं, मैथिली संस्कृति भी देखें

जनकपुर जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए यहां सिर्फ मंदिर और धार्मिक स्थल ही आकर्षण नहीं हैं. शहर की पहचान मैथिली कला, भाषा, संगीत और परंपराओं से भी है. यहां की मिथिला कला में रामायण, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से जुड़े चित्र देखने को मिलते हैं. दीवारों, कागज और कपड़ों पर बनी यह कला जनकपुर की अलग पहचान है. मैथिली भाषा और लोकगीत भी यहां की संस्कृति का अहम हिस्सा हैं.

इसे भी पढ़ें- Nepal Travel Rules: नेपाल जाने के लिए भारतीयों को पासपोर्ट चाहिए या आधार कार्ड? जानें सभी जरूरी नियम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *