जम्मू कश्मीर में वक्फ दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की मौजूदगी में बजाए गए वंदे मातरम् की वजह से सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया.धार्मिक नेताओं ने इसे ‘थोपा गया’ कदम बताते हुए इस पर आपत्ति जताई, जिससे विवाद खड़ा हो गया. जम्मू के कई इमामों के द्वारा ‘कलमा’ का पाठ करने और वंदे मातरम् पर खड़े होने के लिए अल्लाह से क्षमा मांगने के बाद विवाद और भी बढ़ गया.
श्रीनगर के SKUAST-कश्मीर में आयोजित वक्फ दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
उनके साथ जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी, राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ अहमद लारवी और कई विश्वविद्यालयों के कुलपति और कई इस्लामी विद्वान व उपदेशक भी वहां मौजूद थे.
कार्यक्रम के वीडियो क्लिप्स पर जनता की तीखी प्रतिक्रिया के बाद समारोह में शामिल हुए कई धार्मिक विद्वानों और उपदेशकों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी.
MMU ने वक्फ बोर्ड की आलोचना की
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) का हवाला देते हुए, ‘मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा’ (MMU) ने जोर देकर कहा कि किसी आधिकारिक कार्यक्रम में इस गीत को बजाना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं है. उन्होंने वक्फ बोर्ड की आलोचना करते हुए कहा कि वे मुस्लिम वक्फ संपत्तियों की धार्मिक पवित्रता बनाए रखने में विफल रहे हैं.
‘मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा’ (MMU), जो जम्मू-कश्मीर के प्रमुख इस्लामी संगठनों का एक समूह है. इसके प्रमुख कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने इस गीत को शामिल किए जाने की निंदा की. उन्होंने इसे ‘अस्वीकार्य’ बताते हुए कहा कि इससे मुसलमानों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है. MMU ने कहा कि मातृभूमि को ईश्वरीय दर्जा देना, इस्लाम के मूल सिद्धांत ‘तौहीद’ (अल्लाह की पूर्ण एकेश्वरवाद/एकता) के खिलाफ है.
मौलाना अब्दुल रशीद ने जताया खेद
मौलाना अब्दुल रशीद दाऊदी ने ‘वंदे मातरम् ‘ के दौरान खड़े होने के अपने कदम का बचाव करते हुए कहा कि अब ऐसा करना अनिवार्य है क्योंकि यह एक कानून बन गया है. हालांकि, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय गीत का गायन जरूरी नहीं था, क्योंकि यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं था. हालांकि, यह विवाद तब और बढ़ गया जब जम्मू के इस्लामी मौलवियों और इमामों ने, जो श्रीनगर में J&K वक्फ बोर्ड के ‘वक्फ दिवस’ समारोह में शामिल हुए थे, सार्वजनिक रूप से वीडियो जारी कर माफी मांगी. उन्होंने इस बात पर खेद जताया कि कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम् ‘ बजने पर वे खड़े हो गए थे.
माफीनामा जारी करते हुए एक मौलाना ने कहा, ‘जैसे ही यह गीत बजा, हमें अपनी गलती का एहसास हो गया. बाहर आने के बाद, हमने न केवल अल्लाह के अलावा किसी और के सम्मान में खड़े होने के गंभीर पाप के लिए अल्लाह से माफी मांगी, बल्कि अल्लाह और उसकी एकता में अपने विश्वास को फिर से दोहराने के लिए ‘कलमा शहादत’ का पाठ भी किया.’
‘वंदे मातरम् ‘ विवाद पर क्या बोले मौलवी?
अपने माफीनामे में, मौलवियों ने साफ किया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि आधिकारिक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम् ‘ भी शामिल है. उन्होंने बताया कि वे केवल शिष्टाचार या भ्रम की वजह से खड़े हो गए थे, लेकिन उन्होंने गीत नहीं गाया. उन्होंने यह भी माना कि इस गीत में शामिल होना या इसका समर्थन करना इस्लामी सिद्धांतों के खिलाफ है.
MMU ने बुधवार को घोषणा की कि वे इस मामले पर कानूनी राय ले रहे हैं. साथ ही, वे अधिकारियों के सामने एक औपचारिक प्रतिवेदन (representation) भी पेश करेंगे. उनका आरोप है कि पूरे जम्मू-कश्मीर में सरकारी कार्यक्रमों और शिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम् ‘ को ‘जबरदस्ती थोपा’ जा रहा है. यह विवाद अब और तूल पकड़ रहा है, क्योंकि इसके समर्थन और विरोध में कई समूहों ने एक-दूसरे के खिलाफ अभियान शुरू कर दिए हैं.
