दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए आज अरुणा आसफ अली अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने सीधे मरीजों और उनके परिजनों से बात कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता और समय पर मिल रहे इलाज का फीडबैक लिया.
गर्मियों के मद्देनजर सख्त हिदायत
आने वाली भीषण गर्मियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में दवाइयों की कमी नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा, पीने के साफ पानी की समुचित व्यवस्था, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
डॉक्टरों और स्टाफ से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल प्रबंधन से भी बातचीत की. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक तेज, आधुनिक और संवेदनशील बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए. सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बिना किसी परेशानी के समय पर बेहतर और आधुनिक इलाज मिले, ताकि सरकारी अस्पतालों पर जनता का भरोसा और मजबूत हो.
IRS अधिकारी की बेटी की हत्या का मामला: आरोपी राहुल ने कोर्ट में कहा, ‘मेरा इरादा सिर्फ…’
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आगे भी जारी रहेंगे छापे
दिल्ली सरकार पिछले कुछ समय से सरकारी अस्पतालों में नई मशीनें और मुफ्त इलाज जैसी योजनाएं लागू कर रही है, लेकिन भीड़ और स्टाफ की कमी जैसी शिकायतें भी अक्सर सामने आती रही हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण को एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ किया है कि दिल्ली के हर अस्पताल में बेहतर इलाज और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे.
दिल्ली HC ने अरविंद केजरीवाल सहित AAP नेताओं को जारी किया नोटिस, क्या है मामला?
