Headlines

अमेरिका ने लगाया टैरिफ तो गुस्से में चीन, बोला- ‘गलत कदम वापस लो, वरना करेंगे कार्रवाई’


अमेरिका की ओर से नए टैरिफ लगाने के प्रस्ताव पर चीन ने कड़ा विरोध जताया है. चीन ने गुरुवार को अमेरिका से अपनी गलत नीतियों को सुधारने और प्रस्तावित शुल्क लगाने के फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा. साथ ही चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर चीन अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है.

चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता हे यादोंग ने कहा कि अमेरिका की ओर से की जा रही जांच एकतरफा कार्रवाई है और चीन इसका दृढ़ता से विरोध करता है. उन्होंने कहा कि अमेरिका को अपनी गलत प्रथाओं को सुधारना चाहिए और बातचीत तथा आपसी परामर्श के जरिए विवादों का समाधान करने के सही रास्ते पर लौटना चाहिए.

20 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव

दरअसल, अमेरिका ने चीन, यूरोपीय संघ और जापान समेत कई व्यापारिक साझेदारों पर 20 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. चीन उन देशों और अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, जिन पर सबसे अधिक 20 फीसदी शुल्क लगाने की बात कही गई है. इस प्रस्ताव को लेकर अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ने की आशंका है. हालांकि, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर ने कहा है कि प्रस्तावित शुल्क बीजिंग के साथ चल रही व्यापार वार्ताओं के दायरे में हैं. यानी टैरिफ का प्रस्ताव दोनों देशों के बीच जारी बातचीत से भी जुड़ा हुआ है.

अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोप को बताया संरक्षणवाद का बहाना

चीन ने अमेरिकी जांच में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता यानी ओवरकैपेसिटी को आधार बनाए जाने पर भी सवाल उठाए हैं. हे यादोंग ने कहा कि अतिरिक्त उत्पादन क्षमता का हवाला देकर टैरिफ लगाना संरक्षणवाद को बढ़ावा देने का बहाना है. चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम पर करीब से नजर रखेगा. मंत्रालय ने अमेरिका से अपील की कि वह एकतरफा कदम उठाने के बजाय बातचीत और परामर्श के जरिए व्यापारिक मतभेदों को सुलझाए.

चीन की इस प्रतिक्रिया से साफ है कि वह अमेरिकी टैरिफ प्रस्ताव को आसानी से स्वीकार करने के मूड में नहीं है. अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि अमेरिका अपने प्रस्ताव पर आगे क्या कदम उठाता है और दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ता पर इसका क्या असर पड़ता है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *