उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रमाबाई मैदान में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला किया. सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मंच से उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) संविधान का दुश्मन है. संघ के लोग देश को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं, लेकिन बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के जरिए ऐसा होने से रोका. वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि अगर आज उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम परेशान हैं तो इसकी वजह समाजवादी पार्टी है.
ओवैसी ने कहा कि यह मोर्चा सिर्फ हाथ मिलाने का नहीं, बल्कि दिलों के मिलन का मोर्चा है. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों का एकजुट होना सपा नेताओं को भी सबक देता है कि अब उनका पुराना तरीका नहीं चलने वाला. यह इंसाफ, भाईचारे और जुल्म के खात्मे की शुरुआत है. बाबा साहेब ने संविधान की शुरुआत ‘वी द पीपुल ऑफ इंडिया’ से की थी, न कि किसी धर्म, खुदा या देवी-देवता के नाम से.
मुजफ्फरनगर मामले को लेकर घेरा
असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त मंच से समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान मुजफ्फरपुर मामले को लेकर कहा कि मौजूदा सरकार ने कुछ नहीं किया. वह सैफई में बैठकर नंगा नाच देख रहे थे. संविधान ने ही उन्हें हैदराबाद से निकलकर मुजफ्फरनगर तक पहुंचने का अधिकार दिया है. स्वराज का मतलब यादव परिवार का राज नहीं, बल्कि जनता का राज है. कभी ठाकुरों का राज और कभी यादवों का राज रहा, लेकिन उनका मकसद किसी एक जाति का शासन नहीं, बल्कि जनता की सरकार बनाना है.
SIR और योगी सरकार पर भी निशाना
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर ओवैसी ने आरोप लगाया कि इसके जरिए संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हिंदू वोट कटने संबंधी बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह पता लगाने के लिए एआई का इस्तेमाल किया था. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के दिन अब ज्यादा नहीं बचे हैं.
ओवैसी ने कहा कि उन पर और चंद्रशेखर आजाद पर गोली चलाई गई, लेकिन वे खामोश बैठने वाले नहीं हैं. मरना पसंद करेंगे, लेकिन अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि दलित, पीड़ित और मजलूमों की सरकार बनाई जाएगी, जिसमें किसी एक जाति का राज नहीं होगा.
अखिलेश से पूछा- क्या करहल से मुस्लिम को टिकट देंगे?
ओवैसी ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि जब सैफई में नाच-गाना हो रहा था, उस समय मुजफ्फरनगर में लोग मारे जा रहे थे. उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव करहल से किसी मुस्लिम को टिकट देंगे? ओवैसी ने आरोप लगाया कि जिन सीटों से मुस्लिम सांसद और विधायक बनते थे, वहां अखिलेश अपने परिवार के लोगों को आगे कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुस्लिमों का वोट लेकर अब्दुल से दरी बिछवाते हैं, लेकिन अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा. ओवैसी ने दावा किया कि सपा जातिवाद की राजनीति करती है और इसी वजह से उसे नुकसान हो रहा है. उन्होंने लोगों से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को समर्थन और वोट देने की अपील की.
बुलडोजर और एनकाउंटर से नहीं मिलता इंसाफ
ओवैसी ने भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बुलडोजर और एनकाउंटर से इंसाफ नहीं होता. अपराध करने वाला व्यक्ति जेल जाना चाहिए और कार्रवाई कानून के मुताबिक होनी चाहिए. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए उन्हें स्टैंडअप कॉमेडियन तक कह दिया. मोदी की डिग्री को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार युवाओं को डिग्री और रोजगार देने में नाकाम रही है. शिक्षा के क्षेत्र को भी बर्बाद करने का आरोप लगाया.
