पाकिस्तान-ए एशिया कप राइजिंग स्टार्स की दूसरी फाइनलिस्ट बन गई है. टीम ने शुक्रवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से हराया. इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की गेंदबाजी शानदार नजर आई है, यही सेमीफाइनल में भी दिखा. बांग्लादेश की टीम 232 रन ही बना पाई. लक्ष्य का पीछा करते हुए पाक टीम को कोई परेशानी नहीं हुई.
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी. दोनों ओपनर्स शमिल हुसैन (14) और माज सदाकत (6) सस्ते में आउट हो गए थे. 21 पर 2 विकेट गिर जाने के बाद शाहजेब खान और हसन नवाज के बीच तीसरे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी हुई. शाहज़ेब ने अर्धशतक जड़ा. 85 गेंदों में खेली इस पारी में उन्होंने 1 छक्का और 3 चौके लगाए. हसन ने 3 छक्के और इतने ही चौकों की मदद से 91 गेंद में 62 रन बनाए.
पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद ने 33 गेंदों में 4 छक्के और 2 चौकों की मदद से 44 रन बनाएफरहान यूसुफ़ 39 गेंदों में 46 रन बनाकर नाबाद रहे. इस पारी में उन्होंने 2 छक्के और 4 चौके जड़े. पाकिस्तान ने 28 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की.
इससे पहले बांग्लादेश ने 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 232 रन बनाए थे. शाहदत होसैन ने शतकीय पारी खेली थी, उन्होंने 118 गेंदों में 3 छक्के और 7 चौकों की मदद से 103 रन बनाए. वह नाबाद रहे थे. पाकिस्तान के लिए सुफयान मोकिम ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए. अली राजा और हसन नवाज को 2-2 सफलता मिली.
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच है फाइनल
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का फाइनल पाकिस्तान-ए और श्रीलंका-ए के बीच है. श्रीलंका ने सेमीफाइनल में इंडिया-ए को हराया था. गुरुवार को खेले गए पहले सेमीफानल में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराया था. तिलक वर्मा एंड टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए थे. श्रीलंका ने 51 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया था.
एशिया कप राइजिंग स्टार्स का फाइनल श्रीलंका-ए और पाकिस्तान-ए के बीच रविवार, 29 नवंबर को खेला जाएगा. भारतीय समयनुसार फाइनल दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा.
