Headlines

‘लगातार बनी है संघर्ष की स्थिति’, युद्ध और शांति के अंतर में कमी पर बोले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ


चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने शुक्रवार को भविष्य की युद्धकला और बहु-क्षेत्रीय अभियान संचालित करने की भारत की तैयारी के विषय पर अपना संबोधन दिया है. इसके साथ ही, उन्होंने तात्कालिक समय में युद्ध और शांति के बीच का अंतर कम होने पर भी बड़ी टिप्पणी की है. उन्होंने कहा कि आज युद्ध और शांति के बीच का अंतर धुंधला पड़ रहा है और लगातार संघर्ष की स्थिति बनी हुई है. सेना की इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली के ढांचे को आधुनिक बनाने की कोशिश की जा रही है.

उन्होंने बिना कोई विस्तार दिए कहा कि विरोधी पक्ष हम पर गुप्त तरीके से सोच और नैरेटिव को प्रभावित करने वाला युद्ध थोप रहा है. इस दौरान उन्होंने सभी इलाकों में अपनी क्षमताएं बढ़ाने पर भी जोर दिया.

युद्ध के बदलते स्वरूप पर बोले CDS

न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के मुताबिक, CDS जनरल सुब्रमणि ने शुक्रवार (27 नवंबर, 2026) को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को संयुक्त, इंटीग्रेटेड और मल्टी-लैटरल ऑपरेशनों का सबसे अच्छा उदाहरण करार दिया. उन्होंने कहा कि तनाव बढ़ने पर भारत किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार था और इसके नतीजतन भारत को निर्णायक जीत मिली. 

पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान CDS रहे सेवानिवृत्त जनरल अनिल चौहान ने दिल्ली में विचारक संस्था विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन की तरफ से आयोजित इस सत्र का संचालन किया, जहां जनरल राजा सुब्रमणि ने अपने संबोधन में टेक्नोलॉजी और युद्ध के बद लते स्वरूप को रेखांकित किया. हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि टेक्नोलॉजी में श्रेष्ठता सिर्फ अस्थायी होती है और भविष्य के युद्धों के लिए तैयार रहने के लिए इसमें लगातार सुधार करना होगा.

CDS ने बताया मल्टी-डोमेन ऑपरेशन्स का मतलब

उन्होंने कहा कि बहु-क्षेत्रीय अभियान का मतलब सभी क्षमताओं को एक साथ जोड़ना नहीं, बल्कि विभिन्न क्षमताओं को एकीकृत कर विरोधी के सामने कई तरह की चुनौतियां पेश करना है. सेना तीनों सेवाओं के साथ मिलकर अपने इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली के ढांचे को आधुनिक बनाने पर काम कर रही है.

बहु-क्षेत्रीय अभियानों के बारे में विस्तार से बताते हुए जनरल सुब्रमणि ने कहा, ‘ऐसे अभियान चलाने के लिए सैन्य और अंतरिक्ष क्षेत्र की प्रणालियों का एकीकरण और प्रभावी ढंग से संवाद करने की क्षमता महत्वपूर्ण है. साइबर सुरक्षा भी बहु-क्षेत्रीय अभियानों का अभिन्न अंग है. बहु-क्षेत्रीय अभियान संचालित करने के लिए इंटिग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सिस्टम अनिवार्य है.

इसके अलावा, कई संघर्ष जारी रहने के बीच सैन्य तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा, ‘हमें किसी तयशुदा खाके का अनुसरण करने की जरूरत नहीं है. हमें खुद का खाका तैयार करना होगा.’ 

यह भी पढ़ेंः कार्तिगई दीपम विवादः ‘पारंपरिक स्थान पर जलाया जाएगा दीप’, SC के आदेश पर PM मोदी ने क्या कहा?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *