Headlines

‘OBC सब-कोटा और…’, राहुल गांधी का निष्पक्ष परिसीमन बिल, 4 प्वाइंट्स में बताया


संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल राज्यों के हिस्से या सीमाओं को फ्रीज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 करने से जुड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह किसी भी निर्वाचन क्षेत्र को मनमाने तरीके से दोबारा तय करने के लिए ब्लैंक चेक देने जैसा है. इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि निष्पक्ष परिसीमन कैसा होगा.

राहुल गांधी ने परिसीमन को लेकर अपना और इंडिया गठबंधन का मॉडल पेश किया. उन्होंने कहा कि हर युवा भारतीय को यह समझना होगा कि 850 सीटों का आंकड़ा बीजेपी को सत्ता में बनाए रखने और लोगों के अधिकार छीनने के लिए तैयार किया गया है. उन्होंने ग्राफिक चार्ट शेयर करते हुए बताया कि निष्पक्ष परिसीमन किस तरह होना चाहिए.

राहुल गांधी का निष्पक्ष परिसीमन

  • लोकसभा सीटों की संख्या 850 करने के बजाय मौजूदा 543 सीटों पर ही रखा जाना.
  • 2011 की जनगणना के बजाय 2027 की जनगणना और जातिगत जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाना.
  • ‘ज्ञानेश कुमार के नेक्सस’ के बजाय सर्वदलीय और निष्पक्ष परिसीमन आयोग का गठन होना.
  • 850 के बजाय 543 सीटों पर ही OBC सब-कोटा के साथ 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाना.

यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई: राहुल गांधी

उन्होंने विपक्ष के सहयोगियों, एनडीए के साझेदारों और इस विधेयक का समर्थन करने वाले दलों से अपील करते हुए कहा कि भारत के लोकतंत्र की हत्या हो रही है और सभी को जागने की जरूरत है. राहुल गांधी ने कहा कि यह लोकतंत्र के दिल को बचाने की लड़ाई है और जल्द ही यह साफ हो जाएगा कि कौन लोकतंत्र के साथ खड़ा है और कौन इसके खिलाफ. उन्होंने टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू, वाईएसआरसीपी प्रमुख जगन मोहन रेड्डी और एनडीए के अन्य सहयोगियों का जिक्र करते हुए कहा कि वे देश के हित में सोचें और लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आएं.

राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में सरकार के खिलाफ गुस्सा बढ़ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे समझ नहीं पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी सीटें बढ़ा ली जाएं या चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की जाए, जनता का जनाक्रोश नहीं रुकेगा और एक दिन सत्ताधारी दल की हार होगी.

क्या है 132वां संविधान संशोधन बिल?

केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है, जिसके तहत लोकसभा की अधिकतम सीटों को बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है. इसके साथ ही बिल में राज्यों की विधानसभा सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रावधान है. एक-तिहाई महिला आरक्षण लागू करने के लिए हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की सीटों और विधानसभाओं की ताकत में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी. इसके अलावा संशोधित सीटों और सीमाओं को 2051 तक फ्रीज करने का भी प्रावधान है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *