पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में पिछले 172 दिनों से चल रहे विद्रोह में आज दो बड़े घटनाक्रम देखने को मिले जहां एक तरफ पाकिस्तानी सेना के पूर्व हवलदार और आतंकी शहजाद खान उर्फ गाजी शहजाद ने पीओके में सशस्त्र विद्रोह शुरू करने का ऐलान किया है. दूसरी तरफ आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के दो टॉप कमांडर अब्दुल्लाह सईद शाह उर्फ मजहर सईद शाह और मसूद इलयास कश्मीरी पीओके के रावलकोट में दो दिनों से डेरा डाले हुए हैं.
जैश के आतंकी अब्दुल्लाह सईद शाह उर्फ मजहर सईद शाह की अगुआई में बीते दो दिनों से जैश ए मोहम्मद और पाकिस्तान परस्त जमातों का प्रतिनिधिमंडल 172 दिनों से प्रदर्शन की अगुआई कर रहे अवामी एक्शन कमेटी के नेताओं के साथ बातचीत कर रहा है.
पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह
आज सबसे पहले आतंकी शहजाद खान उर्फ गाजी शहजाद जो पाकिस्तानी सेना का पूर्व हवलदार था. इसे कारगिल युद्ध में भाग लेने की वजह से मार्च 2000 में तत्कालीन सेना प्रमुख और राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने पाकिस्तानी सेना के पांचवे सबसे बड़े पुरस्कार इम्तियाजी सनद से नवाजा था. उसने पीओके में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह शुरू करने का ऐलान किया. आतंकी गाजी शहजाद ने कहा कि क्यूंकि पाकिस्तान की सेना प्रदर्शनकारियों को मार रही है. ऐसे में उसका आतंकी संगठन जांबाज फोर्स प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा करेगा.
बताते चलें कि पाकिस्तानी सेना की एयर डिफेंस यूनिट में तैनात शहजाद खान उर्फ गाजी शहजाद (PA-6747383) ने 2001 में पाकिस्तानी सेना छोड़ दी थी और आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़ गया था. लश्कर से जुड़ने के बाद शुरूआती दिनों में गाजी शहजाद पीओके के बाग के लश्कर का एक ट्रेनिंग कैम्प संचालित करता था.
2007 में गाजी शहजाद ने जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की
साल 2007 में गाजी शहजाद ने जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की और भारतीय सेना ने इसे पकड़ कर जेल में डाल दिया. जेल से छूटने के बाद शहजाद खान उर्फ गाजी शहजाद पीओके वापस गया और लश्कर ए तैयबा के छद्म आतंकी संगठन जम्मू कश्मीर गजनवी फोर्स से जुड़ गया, साथ ही इसी दौरान लश्कर ने इसे पीओके में अपनी राजनैतिक पार्टी जम्मू कश्मीर यूनाइटेड मूवमेंट (JKUM) से जोड़ कर पलंदरी सीट से इसे चुनाव लाड़वाया जिसमे ये बुरी तरह हार गया.
साल 2023 में शहजाद खान उर्फ गाजी शहजाद ने एक अलग नया संगठन बनाया और इसका नाम तहरीक ए तव्वसुफ जम्मू कश्मीर रखा, साथ ही इसी संगठन की एक हथियार बंद यूनिट बनायी जिसका नाम जांबाज फोर्स रखा गया. सूत्रो के मुताबिक गाजी शहजाद और उसके संगठन को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की मदद प्राप्त थी, साथ ही उस समय जो भी पीओके में पाकिस्तान से आजादी की बात करता था उसे ISI और पीओके की पुलिस जांबाज फोर्स का आतंकी बता कर मार देती थी.
2024 में पकड़ा गया शहजाद खान उर्फ गाजी शहजाद
अप्रैल 2024 में पीओके पुलिस ने शहजाद खान उर्फ गाजी शहजाद को पकड़ कर रावलकोट की जेल में बंद कर दिया था हालांकि ठीक 1 महीने बाद रावलाकोट की अत्यधिक सुरक्षित जेल तोड़ कर गाजी शहजाद और उसके साथी भाग गए. उस समय पीओके के स्थानीय निवासियो और सामाजिक संगठनों ने नेताओ ने आरोप लगाया था कि गाजी शहजाद को जेल से बाहर निकालने का आदेश ISI ने दिया था. जिसकी वजह से “जेल ब्रेक” जैसी झूठी कहानी रची गई थी. पिछले साल भी पीओके के रावलाकोट में रहने वाले दो भाई जीशान और जर्नोश को पीओके पुलिस ने ISI के आदेश पर एनकाउंटर में मार दिया था और आरोप लगाया था की ये दोनों भाई गाजी शहजाद के साथ जुड़े थे.
POJK में आतंकियों की मीटिंग
पीओके में बीते दो दिनों से जैश ए मोहम्मद के आतंकी कमांडर डेरा जमाए हुए हैं. कल रावलाकोट के एक गेस्ट हाउस में पहले जैश ए मोहम्मद के सिंध प्रांत के प्रमुख और पीओके की विधानसभा के नामित विधायक अब्दुल्लाह सईद शाह उर्फ मजहर सईद शाह, जैश के पीओके के प्रमुख मसूद इलयास कश्मीरी ने पाकिस्तान परस्त जमातों जमात ए इस्लामी और जमात उल इस्लामी(खलील) के नेताओं ने आपस में बैठक की. फिर इसी गेस्ट हाउस में रावलाकोट के बीते 172 दिन से चल रहे प्रदर्शन की अगुआई करने वाले उमर नजीर के साथ बातचीत हुई ताकि प्रदर्शन को खत्म करवाया जा सके. इस बैठक में भारत का वांटेड UAPA के तहत घोषित आतंकी और जैश का पीओके प्रमुख मसूद इलयास कश्मीरी भी मौजूद था.
आज उमर नजीर के घर पर प्रदर्शन की कमान संभाल रहे सभी नेता ख्वाजा मेहरान, सरदार अमान खान, उमर नजीर और सरदार इम्तियाज आलम के साथ जैश के सिंध प्रांत के प्रमुख और पीओके विधानसभा के नामित विधायक अब्दुल्लाह सईद शाह ने जमात ए इस्लामी और जमात उल इस्लामी (खलील) के नेताओं के साथ मिलकर बैठक की और खुद को एक मध्यस्थ के रूप में पेश किया.
पाक सेना पर हर तरफ से विद्रोह
जहां एक तरफ ISI के पालतू जैश ए मोहम्मद आतंकी और पाकिस्तान परस्त जमातों के नेता पीओके में प्रदर्शन की अगुआई करने वाले नेताओं के साथ मध्यस्थ के रूप में बैठक कर रहे हैं, ISI का एक और पालतू आतंकी और पाकिस्तानी सेना का हवलदार कश्मीर जांबाज फोर्स के नाम से पाकिस्तानी सेना पर हमले की धमकी दे रहा है. तो दूसरी तरफ पीओके के रावलाकोट जिले के सैन्य- सरकारी अस्पताल CMH (कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल) में पीओके के अलग अलग अस्पतालों से सर्जिकल स्टाफ की आपातकालीन तैनाती का आदेश जारी किया गया. आदेश में कहा गया कि ये तैनातिया रवालाकोट में खराब हो रही स्थिति की वजह से की जा रही है.
ऐसे में पीओके में चल रही घटनाओं को देख कर प्रतीत हो रहा है कि पाकिस्तानी रेंजर्स जो 7 जून से अब तक पीओके में गोलीबारी में प्रदर्शन को कुचलने के लिए 158 आम लोगो को मार चुकी है. वो पीओके में प्रदर्शन को कुचलने के लिए सैन्य अभियान चला सकती है. जैसा कि 2024 में पीटीआई के प्रदर्शन को कुचलने के लिए इस्लामाबाद और 2025 में तहरीक ए लब्बैक के प्रदर्शन को कुचलने के लिए किया गया था.
इसी क्रम में जहां एक तरफ ISI के पालतू आतंकी गाजी शहजाद से रावलकोट में सशस्त्र विद्रोह और सेना पर हमले की धमकी की वीडियो जारी करवायी गई. दूसरी तरफ ISI के पालतू आतंकी प्रदर्शनकारियों के नेताओं को बातों के लगाए हुए हैं, ताकि प्रदर्शन को कुचलने के लिए सैन्य अभियान चलाए जाने के बाद पाकिस्तानी सेना इसे ये कहते हुए सही ठहराये कि प्रदर्शन में आतंकी शामिल थे. उसने आखिरी वक्त तक प्रदर्शनकारियों के नेताओं के साथ मध्यस्थों के जरिए बातचीत करने की कोशिश की.
