भारत ने फाइनल में चीन को 3-1 से हराकर महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है. भारत ऐसा पहला देश बन गया है, जिसने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने की हैट्रिक लगाई है. इससे पहले 2023 और 2024 में पिछले दोनों संस्करणों का खिताब टीम इंडिया ने जीता था. फाइनल में चीन ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन तीसरे क्वार्टर में भारत ने पांच मिनट के भीतर 3 गोल कर दिए और उसने 3-1 की बढ़त को अंत तक बरकरार रखा.
इसी टूर्नामेंट के दौरान भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग भी हासिल की थी. भारत अभी वर्ल्ड हॉकी महिला रैंकिंग में दुनिया की चौथे नंबर की टीम है. सेमीफाइनल में भारतीय टीम मलेशिया को 6-2 से रौंदकर खिताबी भिड़ंत तक पहुंची थी. सलीमा टेटे की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही.
पांच मिनट के भीतर 3 गोल
मैच का पहला गोल चीन की तरफ से आया जब चेन यूजुन ने 25वें मिनट में अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. दूसरे क्वार्टर तक चीन 1-0 से आगे रहा. चीन के शुरुआती 4-3-3 के कॉम्बिनेशन ने भारतीय खिलाड़ियों के सामने मुश्किलें पैदा की थीं. मगर तीसरे क्वार्टर में दीपिका सहरावत और इशिका सांभरवाल ने एक के बाद एक तीन गोल कर दिए.
38वें मिनट में दीपिका सहरावत ने गोल दागा, उसके चार मिनट बाद ही इशिका सांभरवाल ने भारत को 2-0 से बढ़त दिला दी. अभी इशिका का गोल आए एक मिनट भी नहीं हुआ था, तभी दीपिका ने मैच में अपना दूसरा और भारत का तीसरा गोल किया. दीपिका ने इस टूर्नामेंट में अकेले ही 12 गोल दागे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से नवाजा गया.
भारत ने लगाई चैंपियन बनने की हैट्रिक
यह इतिहास में कुल चौथी बार है जब भारत ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीती है. वहीं पिछली तीनों बार से टीम इंडिया चैंपियन बनती आ रही है और 2026 में चीन को हराकर भारत ने ट्रॉफी जीतने की हैट्रिक लगाई है. भारत ने 2016, 2023, 2024 और 2026 में यह टूर्नामेंट जीता है. भारत ने सबसे ज्यादा 4 बार, दक्षिण कोरिया ने 3 और जापान दो बार चैंपियन बना है.
यह भी पढ़ें:
मुश्ताक अली ट्रॉफी में 214 रन, सूर्यकुमार यादव ने फिर खटखटाया टीम इंडिया का दरवाजा
