भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर टीम इंडिया का दरवाजा खटखटाते नजर आ रहे हैं. इन दिनों खेली जा रही 2026 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्या मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत से ही उनका बल्ला चल रहा है. टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. इसके बाद उनसे भारत की टी20 टीम की कमान छीनी गई और उन्हें टीम से बाहर भी कर दिया गया.
उन्हें कप्तानी से क्यों हटाया गया? इस बारे में कुछ साफ नहीं हो पाया, लेकिन हां, इतना जरूर है कि खराब फॉर्म के चलते उन्हें टीम में अपनी जगह गंवानी पड़ी. अब घरेलू क्रिकेट के टी20 टूर्नामेंट में सूर्या का बल्ला उनकी वापसी की राह बनता नजर आ रहा है. उन्होंने मुश्ताक अली ट्रॉफी की 5 पारियों में खेलते हुए 53.50 की औसत और 230 के स्ट्राइक रेट से 214 रन बना लिए हैं, जिसमें बेस्ट 82 रनों का रहा.
सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट
सूर्या अपने पुराने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करते नजर आ रहे हैं. टूर्नामेंट में कम से कम 20 गेंद खेल चुके बल्लेबाजों में सूर्या का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है, यानी वह सबसे तेज गति से रन बना रहे हैं. उनका स्ट्राइक रेट 230.10 का है. लिस्ट में राजस्थान के हिमांशु नेहरा 229.16 के स्ट्राइक रेट के साथ दूसरे पायदान पर हैं.
सूर्यकुमार यादव का टी20 करियर
नजर डालें सूर्या के टी20 करियर पर, तो अब तक उन्होंने 379 मैच खेल लिए हैं, जिसमें टीम इंडिया के लिए खेले गए 113 टी20 इंटरनेशनल मैच भी शामिल हैं. फॉर्मेट की 352 पारियों में बैटिंग करते हुए वह 34.76 की औसत और 153.70 के स्ट्राइक रेट से 9943 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 67 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें हाई स्कोर 117 रनों का रहा. इसमें 4 शतक तो उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में लगाए हैं.
यह भी पढ़ें: पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले आकाशदीप दूसरे टेस्ट से बाहर, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान
