श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स का विजयी रथ राजस्थान रॉयल्स ने रोक दिया. 8 मैचों के बाद PBKS की IPL 2026 में ये पहली हार है. इस जीत के साथ RR अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है. मंगलवार को हुए मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 222 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन इसे डिफेंड नहीं कर पाए.
राजस्थान रॉयल्स ने 19.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. डोनोवन फेरीरा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने चेज करते हुए 200 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 52 रन बनाए. इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई, उन्होंने 16 गेंदों में 43 रन बनाए थे. यशस्वी जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन बनाए.
पंजाब किंग्स की हार के 3 बड़े कारण
गेंदबाजी में ‘एग्जीक्यूशन’ में कमी: पंजाब किंग्स ने 222 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. राजस्थान ने शुरुआत तेज की, लेकिन जब यशस्वी जायसवाल आउट हुए तब पंजाब किंग्स वापसी कर सकती थी, लेकिन गेंदबाज अपनी योजनाओं जैसे धीमी गति की गेंदें या यॉर्कर, को सही तरह से लागू नहीं कर पाए. जबकि पिच पर गेंद रूककर आ रही थी, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने कई फुल टॉस गेंदें, ये तेज गति की गेंदें डाली.
यह भी पढ़ें- दिग्गजों की लिस्ट में जुड़ा यशस्वी जायसवाल का नाम, पंजाब के खिलाफ फिफ्टी ठोक रचा इतिहास
डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी: खासतौर पर अर्शदीप सिंह और लॉकी फर्ग्यूसन ने डेथ ओवर्स में काफी रन लुटाए, जो पंजाब किंग्स की हार का बड़ा कारण रहा. दोनों गेंदबाज तेज गति से गेंदें कर रहे थे, उनके द्वारा गति में मिश्रण देखने को नहीं मिला. क्योंकि फेरीरा और दुबे ने गेंद की गति का फायदा उठाकर ही रन बनाए, अगर यहां मिश्रण होता तो शायद बल्लेबाज फंस जाता.
यह भी पढ़ें- टी20 वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड ने किया अपनी टीम का एलान, 18 वर्षीय खिलाड़ी का हुआ सेलेक्शन
श्रेयस अय्यर की धीमी पारी: बेशक 222 रनों का स्कोर बड़ा था, लेकिन फिर भी पंजाब किंग्स की शुरुआत जैसी हुई थी उसे देखकर लगा कि उनका स्कोर 20-25 रन कम ही बन पाया. मिडिल ओवरों में 2 बार ऐसा हुआ जब 10 से ज्यादा गेंदें बिना बॉउंड्री के हुईं. मार्कस स्टोइनिस ने जहाँ 22 गेंदों में नाबाद 62 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम का स्कोर 222 तक पहुंचाया, वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 गेंदें खेलकर सिर्फ 30 ही रन बनाए.
