उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से दबंगई और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. देहात थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में कुछ युवकों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर हंगामा किया और पत्थरबाजी की. अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी युवक वहां से फरार हो चुके थे.
हमलावरों ने घर के बाहर पहुंचे ही किया पथराव शुरू
बताया जा रहा है कि हमलावर युवक हाथों में पत्थर लेकर घर के बाहर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के पथराव शुरू कर दिया. उस समय घर के अंदर महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जो इस अचानक हमले से बुरी तरह घबरा गए. घर के अंदर चीख-पुकार मच गई और परिवार के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने को मजबूर हो गए. पूरे घटनाक्रम ने इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया.
इस घटना की पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे युवक आक्रामक तरीके से घर पर हमला कर रहे हैं. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ गए हैं.
यूपी पुलिस को गिरफ्तारी का कारण न बताना पड़ा भारी, कोर्ट ने सरकार पर लगाया 10 लाख का हर्जाना
दोस्त को घर के अंदर बंधक बनाने के शक में किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हमले की वजह एक गलतफहमी बताई जा रही है. हमलावरों को सूचना मिली थी कि उनके एक दोस्त को इस घर के अंदर बंधक बनाकर रखा गया है. इसी शक के आधार पर उन्होंने कानून को अपने हाथ में लेते हुए हमला कर दिया. हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है.
सुल्तानपुर में 140 मुर्गियों की हार्ट अटैक से मौत, पुलिस का खुलासा- DJ की तेज आवाज ने ली जान
