सीहोर जिले के सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम टीबूपुरा में एक दंपत्ति के साथ अपहरण, मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, वहीं इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर त्वरित कार्रवाई का दबाव भी बढ़ गया है.
जानकारी के मुताबिक उज्जैन जिले के शंकरपुर गांव निवासी हिम्मत सिंह बंजारा अपनी पत्नी के साथ गुरुवार (30 अप्रैल) को देवास के सोनकच्छ तहसील के भटकुंड गांव में एक परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब दंपत्ति वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनके साथ यह वारदात घटित हुई.
पहले से ही घात लगाकर बैठे थे आरोपी
बताया जा रहा है कि टीबूपुरा गांव निवासी बहादुर सिंह बंजारा को दंपत्ति के आने की जानकारी मिल गई थी. इसके बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ चौबारा जागीर मार्ग पर पहले से ही घात लगाकर बैठ गया. जैसे ही हिम्मत सिंह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से वहां से गुजरे, आरोपियों ने उन्हें रोक लिया.
बिना किसी बातचीत के दंपत्ति के साथ की गई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने बिना किसी बातचीत के दंपत्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी. दोनों को सरेराह पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए. इसके बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने दंपत्ति को जबरन एक फोर व्हीलर गाड़ी में बैठा लिया. इस दौरान भी उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट जारी रही.
पीड़ित दंपत्ति को गाड़ी में जबरन बैठाकर ले गए टीबूपुरा गांव
आरोप है कि दंपत्ति को वाहन में डालकर टीबूपुरा गांव ले जाया गया, जहां उनके साथ दोबारा मारपीट की गई. इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया, जो सामाजिक दृष्टि से बेहद आपत्तिजनक कृत्य माना जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस मौके पर पहुंचकर दंपत्ति को कराया मुक्त
घटना की जानकारी मिलते ही सिद्दीकगंज थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दंपत्ति को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया. पुलिस ने पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला एक नाबालिग लड़की की सगाई टूटने से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया.
मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार
कार्रवाई के तहत पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और सभी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने फोन पर बताया कि मामला पूरा सोनकच्छ थाने का है. हमने आरोपियों को पकड़ लिया था और उनको सोनकच्छ पुलिस के हवाले कर दिया है.
